छत्तीसगढ़: विवाद सुलझाने गए ASI की हत्या मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे हुआ मामले का खुलासा?

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सायबर सेल में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) विकास शर्मा की हत्या के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक परिवार से दो बेटे और उनका पिता तथा दूसरे परिवार से दो सगे भाई शामिल हैं। तीन डॉक्टरों की संयुक्त शार्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। महासमुंद सिटी कोतवाली प्रभारी शेर सिंह बंदे ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी दुर्गेश कन्नौजे की रिपोर्ट पर भादवि की धारा 147, 149 (बलवा) और धारा 302 (हत्या) का अपराध पंजीबद्ध कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी शेर सिंह बन्दे ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि, आज 20 मार्च 2022 को उनि० कपिश्वर पुष्पकार द्वारा मृतक विकास शर्मा को आरोपी सन्नी नामदेव, शेखर नामदेव, अनिल सूर्यवंशी, ओजस्वी नामदेव एवं इन्द्रराज सूर्यवंशी सभी निवासी महासमुन्द द्वारा मारपीट कर चोट पहुंचाने से डॉक्टर द्वारा ईलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया है। सूचक दुर्गेश कुमार कन्नौजे की सूचना पर बिना नम्बरी अपराध 0/2022 धारा 147, 149, 302 भादवि के तहत पंजीबध्द कर वापस पुलिस स्टेशन आया।

रिपोर्ट के अनुसार दुर्गेश कुमार पिता युरेन्द्र कन्नौजे (28 वर्ष) निवासी क्लब पारा महासमुन्द ने पुलिस को बताया कि, घटना 19 मार्च 2022 के रात करीब नौ बजे की है। घटना स्थल PWD ऑफिस के सामने महासमुन्द में मारपीट की गई। आरोपी सन्नी नामदेव, शेखर नामदेव, अनिल सूर्यवंशी, ओजस्वी नामदेव एवं इन्द्रराज सूर्यवंशी सभी निवासी महासमुन्द के हैं। PWD ऑफिस के सामने में सन्नी नामदेव, अनिल सूर्यवंशी गाली गलौच कर रहे थे। उसी समय विकास शर्मा आया और समझाने लगा। तो इन लोगों ने धक्का देकर उसे जमीन में गिरा दिया और हाथ मुक्का से मारपीट करने लगे। उसी समय शेखर नामदेव , ओजस्वी नामदेव और इन्द्रराज सूर्यवंशी आए। पांचों मिलकर विकास शर्मा से मारपीट करने लगे। जिससे विकास शर्मा वहीं पर बेहोश हो गया। तब उन लोग छोड़कर भाग गए।

तब दुर्गेश और आशीष वर्मा दोनों ने उसे उठाया और लालविजय सिंहदेव के कार में बेहोशी हालत में डॉ चोपडा के जैन नर्सिंग होम ले गए। अस्पताल में जाकर भर्ती कराए। उपचार के दौरान विकास शर्मा की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार विकास शर्मा को सन्नी नामदेव, शेखर नामदेव, अनिल सूर्यवंशी, ओजस्वी नामदेव एवं इन्द्रराज सूर्यवंशी ने मारपीट कर हत्या किया है। जिसकी रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

इसे भी पढ़ें-