नशे में हैवान बना पिता… 4 साल के बेटे को श्मशान में जिंदा दफना दिया, मां ने कब्र से निकालकर बचा ली जान

धनबाद (झारखंड)। नशे की लत ने एक शख्स को इस कदर हैवान बना दिया कि, उसने अपने 4 साल के मासूम बेटे को गला दबाकर मारने की कोशिश की। जब उसे लगा कि बेटे मर गया है तो श्मशान जाकर दफना दिया। मां को जब इसकी जानकारी मिली, तो वह बेटे को ढूढ़ते हुए श्मशान पहुंची और कब्र से बच्चे को बाहर निकाला, बच्चा जिंदा था। घटना शनिवार की है। सुदामडीह पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

मां रानी देवी ने बताया कि आरोपी पिता सोनू साव 8 दिन पहले भोजिडीह से सुदामडीह उसके पास आया था। शनिवार शाम को वह नशे में धुत होकर घर आया और 4 साल के छोटे बेटे हिमांशु को गला दबाकर मारने की कोशिश की, जब उसे लगा कि बेटे की मौत हो गई तो उसने मोहलबनी श्मशान में उसे ले जाकर दफना दिया।

कुछ देर बाद मां ने जब बेटे की खोजबीन की, तो कुछ लोगों ने उसे पिता के साथ देखे जाने की बात बताई। लोगों की सूचना पर जब वह श्मशान पहुंची तो उसे माजरा समझ में आया और उसने बेटे को कब्र से जिंदा बाहर निकाला, मासूम बेहोश था। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। घटना की सूचना सुदामडीह पुलिस को दी गयी। पुलिस बच्चे को चासनाला सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज कर बच्चे को मां को सौंप दिया।

घटना के बाद आरोपी सोनू अपने बड़े बेटे सूरज और बेटी प्रिया को लेकर फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मां रानी देवी ने बताया कि, उसका सोनू साव के साथ विवाह 10 साल पहले हुआ था। शादी के कुछ वर्षों के बाद से सोनू ने घर का खर्च देना बंद कर दिया। वह ऑटो चलाकर शराब, गांजा और अन्य नशा करता था।।लिहाजा उसे मजबूरी में अपना और अपने बच्चों का पेट भरने के लिए लोगों के घरों में काम करना पड़ता है।

आरोपी भोजिडीह का रहने वाला है। पत्नी रानी देवी उसे छोड़कर सुदामडीह में बच्चों के साथ रहती है। रानी सुदामडीह की रहने वाली है। रानी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।