Ambikapur News: शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर किया जा रहा घर निर्माण

फटाफट न्यूज/सीतापुर || अनील उपाध्याय

सरगुजा…सरगुजा जिले के सीतापुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक मे स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर मकान का निर्माण किया जा रहा हैं। वार्ड के लोगो द्वारा विरोध दर्ज कराने एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मना करने के बाद भी अतिक्रमण जारी हैं। अवैध अतिक्रमण करने वाले शासन प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ होकर अतिक्रमण कर रहे हैं।जिससे वार्ड में टकराव की स्थिति निर्मित होने लगी हैं।

विदित हो कि, नगर पंचायत वार्ड क्र एक मे शासकीय डेयरी फार्म के सामने बेशकीमती शासकीय जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा हैं।अतिक्रमण करने वाले लोग बाहरी हैं। जो स्थानीय लोगों के सहयोग से अतिक्रमण कर मकान का निर्माण कर रहे हैं। अतिक्रमणकारियों ने शनिवार एवं रविवार को शासकीय छुट्टी का फायदा उठाते हुए शासकीय भूमि पर मकान निर्माण कार्य शुरू किया। ताकि, छुट्टी होने की वजह से वो प्रशासनिक कार्रवाई से बच सके। वार्डवासियों ने बाहरी तत्वों द्वारा किये जा रहे अतिक्रमण का विरोध करते हुए एसडीएम समेत तहसीलदार को इस मामलेसे अवगत कराया।

इस मामले की गम्भीरता देख एसडीएम ने तत्काल पुलिस बल समेत नायब तहसीलदार को मौके पर भेज काम रुकवाने के निर्देश दिए। पुलिस बल समेत मौके पर पहुँचे नायब तहसीलदार आर एस पैंकरा ने अवैध अतिक्रमण पर रोकथाम करते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारी एवं अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। जिसके बाद शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोक दिया गया। कुछ देर बाद अधिकारियों के जाते ही अतिक्रमणकारियों ने पूरे दल बल के साथ शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया। एसडीएम तहसीलदार के मना करने के बाद भी वे प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ होकर शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कर रहे हैं। जिससे लोगो में काफी आक्रोश व्याप्त हैं। वहाँ कभी भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती हैं।

इस संबंध में नायब तहसीलदार आर एस पैंकरा ने कहा कि, वो मौके पर जाकर अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाएंगे। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा नही होने दिया जाएगा। जो इसका उल्लंघन करेगा उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किया जायेगा।