दूध निकालते समय महिला के ऊपर गिरी भैंस… 5 मिनट बाद भैंस की हुई मौत

करौली। आपने कभी सुना है कि किसी इंसान के ऊपर भैंस गिरी हो और इंसान की जगह भैंस की ही मौत हो गई हो। नहीं ना, लेकिन राजस्थान में कुछ ऐसा ही देखने को मिला जहां दूध निकालते समय एक महिला पर भैंस गिर गई और 5 मिनट में भैंस की ही मौत हो गई।

मामला राजस्थान के करौली जिले के पैटोली गांव का है, जहां मोहन सिंह नाम के युवक की पत्नी मोटी देवी सुबह घर में दूध निकाल रही थी। दूध निकालते समय अचानक भैंस उसके ऊपर गिर पड़ी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। और भैंस की मौत हो गई।

मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला का उपचार जारी है। भैंस का दूध बेचकर मोहन सिंह अपने परिवार चलाता है, मगर अचानक हुई इस दुर्घटना के कारण उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।

मोहन सिंह ने बताया कि भैंस की तबीयत बिल्कुल ठीक थी लेकिन वह कैसे बेहोश हुई इसका पता नहीं चल पाया। भैंस की कीमत करीब पचास हजार रुपए से ज्यादा थी। हादसे के बाद भैंस के शव को दफन कर दिया गया। वहीं डॉक्टर का कहना है कि महिला के हाथ और कंधे में फैक्चर हुआ है।