अम्बिकापुर की तरह छत्तीसगढ़ का ये शहर बनेगा स्वच्छ्ता में टॉप मॉडल… निरीक्षण करने अम्बिकापुर पहुंची महापौर

अम्बिकापुर। स्वच्छ्ता मॉडल के रूप में पूरे देश मे मशहूर अम्बिकापुर शहर का नाम हर किसी की जबान पर है, और यही वजह है कि शहर को कचरा मुक्त बनाने की प्रक्रिया को जानने देश के अलग-अलग हिस्से से लोग यहां आते है, और अपने शहरों में लागू करने की बात करते है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश के रायगढ़ नगर निगम की महापौर ने अम्बिकापुर नगर निगम के कचरा निपटान केंद्रों का निरीक्षक किया, और शासन-प्रशासन के सहयोग से अपने ज़िले में लागू करने की बात की।

अम्बिकापुर शहर देश मे कचरा मुक्त शहरों की फेहरिस्त में शुमार है। प्रदेश के साफ़ शहरों की लिस्ट में अम्बिकापुर अव्वल है। प्रशासन और निगम के सहयोग से स्वच्छ्ता दीदियां बख़ूबी अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, और घर घर जाकर कचरा कलेक्शन कर रही है। जिसे जानने, समझने रायगढ़ नगर निगम की महापौर जानकी अमृत कारजु अम्बिकापुर शहर पहुंची और यहां के कचरा निपटाने की प्रक्रिया को देखा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले रायगढ़ निगम टीम, कमिश्नर, स्वच्छ्ता दीदियां यहां आई हुई थी, और वे भी अपने शहर को अम्बिकापुर की तरह कचरा मुक्त बनाने के लिए तैयार है। जिसके लिए शासन, जनप्रतिनिधि और जनता से उम्मीदें है। हम अपने शहर को स्वच्छ रखने के लिए हमेशा तैयार है।