सगाई से एन वक्त पहले लड़की पुराने प्रेमी के साथ भाग गई, फिर लड़के ने उठा लिया ऐसा कदम, अब अस्पताल में चल रहा इलाज़, जानें पूरा मामला

कोरबा। कहते हैं जोड़ियां भगवान बनाता है, कई बार दूल्हा-दुल्हन मंडप तक पहुंचते भी हैं, लेकिन न तो डोली उठती है और न ही दूल्हा बारातियों के साथ दुल्हन लेकर जा पाता है। ऐसा ही मामला कोरबा शहर के गांव भालू सटका में सामने आया है। यहां एक जोड़े की शादी होनी थी। शादी से पहले सगाई का कार्यक्रम रखा गया, लेकिन सगाई से पहले कुछ ऐसा हुआ कि दूल्हा अस्पताल में भर्ती हो गया।

कोरबा जिले के भालू सटका गांव का संजय अपनी शादी के सपने संजो रहा था। सगाई की तारीख तय हो गई। जैसे ही दूल्हा अपने परिवार और दोस्तों के साथ सगाई के लिए घर से निकला एक मनहूस खबर आई। घरवालों ने उसे बताया कि, जिस लड़की के साथ उसकी सगाई होने वाली है, वह अपने पुराने प्रेमी के साथ भाग गई है। इतना सुनते ही संजय को यह चिंता सताने लगी कि, वो अपने दोस्तों को इस बारे में क्या जवाब देगा। खुद को शर्मिंदगी से बचाने के लिए उसने आत्महत्या करने की ठान ली। संजय सीधा अपने पिता के कमरे में गया और उनकी शुगर की 18 गोलियां खा ली। जब इस बात का पता परिजनों को लगा तो उन्होंने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस सहायता केंद्र जिला अस्पताल के प्रभारी ने बताया कि युवती कटघोरा की रहने वाली है। संजय यादव की तबीयत ठीक है। फिलहाल वह अब खतरे से बाहर है। लेकिन उसके साथ जो बीता है, वह शायद उसके मन को रोजाना जख्मी करता रहेगा।