नौशाद कोरबा प्रेस क्लब से निष्कासित : प्रबंध कार्यकारिणी ने लिया निर्णय

कोरबा 

कोरबा प्रेस क्लब की बैठक तिलक भवन में आहूत की गयी। उपाध्यक्ष विवेक शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। सचिव मनोज ठाकुर ने बताया कि बैठक में कोरबा प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के 11 सदस्यों-उपाध्यक्ष विवेक शर्मा, सचिव मनोज ठाकुर, सह सचिव विजय सिंह, कोषाध्यक्ष
रंजन प्रसाद, कार्यकारिणी सदस्य शमी इमाम, तरूण मिश्रा, दादू मनहर, दीपक जैन, सत्यनारायण पाल, रमेश मिश्रा, रणविजय सिंह द्वारा हस्ताक्षरित पत्र प्रस्तुत किया जिसमें नौशाद खान द्वारा संविधान विरोधी कार्य, वित्तीय अनियमितता और मनमानी पूर्वक किये जा रहे कार्य को देखते हुए उन्हें क्लब की सदस्यता से निष्कासित करने का प्रस्ताव लाया गया। इस संदर्भ में बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए नौशाद खान को कोरबा प्रेस क्लब से निष्कासित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही क्लब की गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु उपाध्यक्ष विवेक शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया।