इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में निवेश के नाम पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की सनसनीखेज धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर दंपती को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नितिन जोशी और उनकी पत्नी परागिता जोशी के रूप में हुई है। इस दंपती ने ठगी का एक बेहद अनोखा जाल बिछाया था, जिसमें फंसकर 40 से अधिक लोगों ने अपनी जीवन भर की जमापूंजी गंवा दी। हैरानी की बात यह है कि ठगी के इस जाल में आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न मंदिरों के पुजारी और संचालक भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की इस पटकथा में पति और पत्नी की भूमिकाएं स्पष्ट रूप से बंटी हुई थीं। पत्नी परागिता जोशी खुद को एक सिद्ध ज्योतिषी बताकर लोगों से संपर्क साधती थी। वह भविष्य बताने और ग्रह-नक्षत्रों के उपाय सुझाने के बहाने लोगों का विश्वास जीतती थी। जब लोग पूरी तरह उनके प्रभाव में आ जाते, तब पति नितिन जोशी उन्हें अपने व्यापार में निवेश करने का प्रस्ताव देता था। दंपती निवेशकों को उनकी रकम पर हर महीने 7 से 10 प्रतिशत तक ‘गारंटीड रिटर्न’ देने का लालच देता था, जिसके झांसे में आकर लोगों ने करोड़ों रुपये निवेश कर दिए।
शुरुआत में भरोसा बनाए रखने के लिए आरोपियों ने निवेशकों को मुनाफे का आश्वासन दिया, लेकिन जब पीड़ितों ने अपने मुनाफे और मूलधन की वापसी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो दंपती रातों-रात फरार हो गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
जोशी दंपती की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही ठगी के शिकार कई अन्य पीड़ित भी अपनी शिकायतें लेकर क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की कुल रकम, पैसों के लेन-देन के नेटवर्क और इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों का पता लगाया जा सके।
