सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत छठ घाट के सामने एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के ही भट्ठापारा निवासी राजू चावला के रूप में हुई है, जो स्थानीय ‘राजू गैराज’ में काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक को बीते दिन देर शाम नदी के किनारे देखा गया था। आज सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर घाट के पास पड़े शव पर गई, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
