रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की राह देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने राज्य में स्पेशल एजुकेटर के 38 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है, जिसके बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, नियम एवं शर्तें तथा आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप विभागीय वेबसाइट [https://eduportal.cg.nic.in/](https://eduportal.cg.nic.in/) पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में भरकर व्यक्तिगत रूप से या फिर पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने के लिए राज्य के पांचों शिक्षा संभागों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा स्थित संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इन कार्यालयों में सभी कार्यदिवसों के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण राहत भी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को अलग-अलग जिलों या संभागों के पदों के लिए पृथक-पृथक आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थी द्वारा जमा किया गया केवल एक ही आवेदन पत्र राज्य के सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित पदों के लिए पूरी तरह मान्य होगा। हालांकि, निर्धारित पांच संभागीय कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत पत्र-व्यवहार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्रों की जांच, अमान्य आवेदनों की सूची, मेरिट लिस्ट और चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी आगामी अपडेट समय-समय पर केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी किए जाएंगे। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नवीनतम सूचनाओं से अपडेट रहने के लिए नियमित रूप से विभागीय वेबसाइट देखते रहें।
