रायपुर। प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में खाली रह गई सीटों पर प्रवेश के लिए छात्रों को एक और बड़ा अवसर मिला है। संचालनालय चिकित्सा शिक्षा (DME) की राज्य काउंसिलिंग समिति ने दूसरे और तीसरे (मॉप-अप राउंड) चरण की संयुक्त काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर सुबह 11 बजे से 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस संयुक्त काउंसिलिंग के माध्यम से बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें भरी जाएंगी। इस चरण की सबसे बड़ी राहत बीएससी नर्सिंग के अभ्यर्थियों के लिए है, जहां प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले छात्र भी अब पंजीयन और कॉलेज का चयन कर सकेंगे। हालांकि, न्यूनतम पर्सेंटाइल की यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम पर ही लागू होगी।
काउंसिलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि इस चरण में नए अभ्यर्थी फ्रेश ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं, जबकि पहले से पंजीकृत पात्र छात्रों को भी संस्था और विषय का दोबारा चयन करने की सुविधा दी गई है। इस प्रक्रिया में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए अपने विकल्प (चॉइस) दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य रखा गया है। इसके अलावा, पहले चरण में प्रवेश ले चुके छात्रों को भी नियमानुसार सीट अपग्रेडेशन (उन्नयन) का विकल्प मिलेगा।
संयुक्त चरण के दौरान शेष बची सीटों के संवर्ग, श्रेणी और कोटे में आवश्यक बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के तहत किए जाएंगे। समिति ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़े आगामी अपडेट्स के लिए संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in का नियमित अवलोकन करते रहें।
