जांजगीर में चोरी की बड़ी वारदात, चोरों ने सूने मकान से गहने सहित 6 लाख रुपए के माल पर किया हाथ साफ

Janjgir-Champa News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए गहने और नगद मिलाकर कुल 6 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी खिड़की के ग्रिल को काटकर घर के अंदर घुसे थे। परिवार जब वापस लौटा, तो घर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी और सूटकेस भी खुले हुए थे। परिवार ने तुरंत घटना की जानकारी सिटी कोतवाली थाना पुलिस को दी। मामला मिशन कंपाउंड जांजगीर का है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी उमेश साहू ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मकान मालिक एलियट नंद अपने परिवार के साथ 30 सितंबर को कोरबा जिले के एनटीपीसी 7 एरिया में स्थित सतदल नाथ अस्पताल गए हुए थे। उनकी पत्नी को हड्डी से जुड़ी कोई दिक्कत है, वो उसी के इलाज के लिए सपरिवार वहां गए हुए थे। जब परिवार वापस 6 अक्टूबर को अपने घर जांजगीर-चांपा पहुंचा, तो बाहर से ताला वैसे ही लगा मिला, जैसे वे सब लगाकर गए थे। लेकिन जैसे ही ताला खोलकर परिवार के लोग अंदर पहुंचे, उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ मिला।

परिजनों ने जब घर के अंदर की छानबीन की, तब अलमारी से सोने के गहने और नगद गायब मिले। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने 7 तोला सोना कीमत 3 लाख 92 हजार और 2 लाख नगद मिलाकर कुल 6 लाख रुपए चुरा लिए। चोरी हुए सोने के गहनों में अंगूठियां और 3 नेकलेस भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख नगद अलमारी में और 50 हजार रुपए सूटकेस में रखे थे, चोरों ने उस पर भी हाथ साफ कर दिया।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने कहा कि घर की पूरी जांच पड़ताल की गई है। खिड़की में लगा लोहे का एंगल टूटा हुआ मिला है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 380 और 457 के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। डॉग स्क्वॉड की भी मदद जांच में ली जा रही है। फिलहाल, आरोपी पुलिस को गिरफ्त से बाहर है। पुलिस लगातार पतासाजी में जुटी हुई है।