Chhattisgarh News: दो मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

जांजगीर-चांपा. ब्राह्मण पारा चांपा के दो मकान में आग लग गई। दो दमकल की सहायता आग पर काबूपाया गया, तब तक घर में रखे धार्मिक ग्रंथ, हिन्दी पंचागों का वर्षों का संकलन, फ्रीज, कूलर सहित घरेलू सामान जल कर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार चांपा के ब्राह्मण पारा बडे मठ के पास रहने वाले दो भाई नीलमणी गौरहा व ब्रजेन्द्र गौरहा का मकान लगा हुआ है। 5 व 6 जनवरी की दरमियानी रात रात दोनो परिवार के लोग अपने मकान में सोए हुए थे। नीलमणी गौरहा के यहां मेहमान आए थे। मेहमान व नीलमणी गौरहा का परिवार दोनो अलग अलग कमरे में सो रहे थे।

सुबह करीब चार बजे आग की तपिस से मेहमान की आंख खुल गई, उन्होंने देखा की मकान में आग लगी हुई है वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इतने में सुबह सैर में निकले लोग भी मकान में लगी आग को देख कर दरवाजा खटखटाने व आवज देने लगे। मकान मालिक नीलमणी गौरहा उठकर देखा की घर के पीछे की ओर आग लगी हुई है, मकान लकड़ी के पटाव वाला होने के कारण आग जल्दी व तेजी से फैल रही थी। नीलमणी गौरहा अपने परिवार सहित घर से बाहर निकले। आग नीलमीण गौरहा के घर की ओर से होते हुए उनके बड़े भाई ब्रजेन्द्र गौरहा के घर की तरफ फैल रही थी। इतने में मुहल्लेवासी इकठ्ठा होकर आग बुझाने लगे। मोहल्ले में ही रहने वाले पार्षद व भाजपा नेता पुरूषाेत्तम शर्मा ने पुलिस व दमकल को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस के जवान व दमकल की टीम घटना स्थल पहुंची। पीआईएल व नगर प्रशासन के दो दमकल की सहायता से सुबह 8 बजे तक आग पर काबू पाया गया। तब तक नीलमणी गौरहा के मकान में रखे भागवत पुराण, गीता , रामायण आदि धार्मिक ग्रंथ, कई वर्षों के पंचागों का संग्रह, घर में रखे फ्रीज, कूलर, अलमारी, कपड़े, पंखे, सहित घरेलू समान जलकर खाक हो गए। वहीं ब्रजेन्द्र गौरहा के मकान को भी आंशिक नुकसान हुआ है। इस आगजनी से लाखों रुपये की सामान का नुकसान हुआ है।