लाल किले पर जहां पीएम फहराते हैं तिरंगा, वहां किसानों ने चढ़ा दिया अपना झंडा

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर नए कृषि कानून के खिलाफ दो महीने से आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। ट्रैक्टर रैली के दौरान कई जगह किसान आंदोलन बेकाबू हो गया। किसानों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिल्ली में घुसकर लाल किले पर अपना झंडा फहरा दिया। राजधानी में कुछ जगहों पर किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत हो गई।

दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर रैली अब उग्र हो गया है। आईटीओ पर बवाल के बीच कई किसान लाल किले पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो दर्जन ट्रैक्टरों पर सवार सैकड़ों किसान लाल किला परिसर में पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके साथ ही संगठन का झंडा फहरा दिया गया है। यह झंडा वहां फहराया गया है, जहां 15 अगस्त को प्रधानमंत्री तिरंगा फहराते हैं।मौके पर दिल्ली पुलिस के जवान भी पहुंच गए हैं।

पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज 

पुलिस मुख्यालय से कुछ दूरी पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। वहां पुलिस की बस को प्रदर्शनकारी किसानों ने ट्रैक्टर से धक्का मारा ताकि उसे सड़क से हटाया जा सके। पुलिस वाले उन्हें समझाते रहे। हालात बेकाबू होने के बाद पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। लाल किले पर किसानों के प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में सीपीएम के झंडे भी नजर आए।

उग्र हो गए किसान

img 20210126 wa00945807717637029304749

लाठीचार्ज से पहले ही किसान उग्र थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया, जिसके चलते कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस और किसानों के साथ जमकर झड़प हुई। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। आखिर में बेकाबू प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उन पर बल प्रयोग किया।

img 20210126 wa01338608212728217507527

बता दें कि पिछले दो महीने से नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई प्रदेशों के किसान दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर आज किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालने का एलान किया। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए तीन रूट तय किए थे, लेकिन किसान तय रूट से अलग मार्च निकालने लगे। दोपहर में किसान दिल्ली बॉर्डर से आईटीओ पहुंचे। इसके साथ ही आईटीओ पर काफी बवाल मचा हुआ है। किसानों के पथराव के बाद कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।