पति ने पहले काटा पत्नी का गला, फिर खुद के गले में डाला फंदा, होली पर 4 बच्चों को कर गया अनाथ

चूरू/राजस्थान। चूरू के सुजानगढ़ थाना इलाके में होली के दिन दिल को दहला देने वाली वारदात में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर क्रूरतापूर्वक हत्या दी। हत्या के बाद पति ने खुद को फांसी लगा ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव अपने कब्जे में ले लिये हैं। शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहां उनका अब पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। इस संबंध में मृतका के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी है। अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि उसका जीजा आदतन शराबी था। इस कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया है। वारदात के बाद गांव में त्योहार के दिन सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार वारदात सुजानगढ़ इलाके के बड़ाबर गांव में हुई है। यहां एक खेत में ढाणी बनाकर रहने वाले परिवार के 4 बच्चों पर होली का दिन दुखों का पहाड़ बनकर आया है। इस ढाणी में भागूराम मेघवाल (44) अपने परिवार के साथ रहता था। वह आदतन शराबी बताया जाता है। बुधवार रात करीब 2.30 बजे उसने अपनी पत्नी विमला देवी (40) का कुल्हाड़ी से गला काट दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके बाद भागूराम ने घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित खेजड़ी के पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

दंपति के दो बेटे और दो बेटियां हैं

पुलिस ने बताया कि मृतक दंपति के 2 बेटे और दो बेटियां हैं। इनमें से तीन घटना के वक्त अपने दादा दादी के पास थे। घर में केवल एक लड़की थी। उसने मां की हत्या के बाद शोर मचाया तो अन्य परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां विमला का खून से लथपथ शव देखकर सब सकते में आ गये। उन्होंने बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर शवों को वहां से उठवाया।

सदर थाने के सब इंस्पेक्टर नारायणराम ने बताया कि मृतक महिला के भाई शिशुपाल मेघवाल ने इस संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दी है। उसने बताया कि उसका जीजा भागूराम आदतन शराबी था। शराब के नशे में ही उसने विमला की हत्या कर दी। पुलिस अब शवों का पोस्टमार्टम करवायेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।