रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ी खबर… टीवी न्यूज शो में जंग के खिलाफ आवाज उठाने वाली रूसी पत्रकार हुई लापता, प्लेकार्ड दिखाना पड़ा भारी!

मॉस्को। रूस के सरकारी चैनल वन की कर्मचारी मारिया ओवेस्यानिकोवा को एक न्यूज शो के दौरान जंग विरोधी प्लेकार्ड दिखाना बहुत भारी पड़ गया है। रूस की पुलिस ने उनको करीब 12 घंटे की हिरासत में रखा था और उसके बाद से वे लापता बताई जा रही हैं। ओवेस्यानिकोवा ने न्यूज शो के दौरान जंग विरोधी प्लेकार्ड को दिखाने से ठीक पहले एक वीडियो संदेश में रूसी सरकार को यह कहते हुए फटकार लगाई थी कि चैनल वन में क्रेमलिन का प्रोपेगेंडा फैलाने का काम करने के लिए वह ‘शर्मिंदा’ है।’

चैनल वन में एक संपादक मारिया ओवेस्यानिकोवा ने सोमवार को अपने चैनल पर चल रहे एक न्यूज शो में बाधा डाली थी। मारिया ने इस शो में एक प्लेकार्ड दिखाया, जिस पर लिखा था ’स्टॉप द वॉर, किसी भी तरह के प्रोपेगेंडा पर भरोसा न करें, वे आपसे झूठ बोल रहे हैं, रूसी युद्ध के खिलाफ हैं।’ इसके बाद उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाने से पहले थोड़ी देर तक कार्यालय में ही बंदी बनाकर रखा गया। अब मानव अधिकार समूह ओवीडी ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 घंटे हिरासत में रखे जाने के बाद से मारिया का कुछ भी अता-पता नहीं है। मारिया के वकील का मानना है कि उन्हें किसी गुप्त जगह पर कैद करके रखा गया है। वहीं एक यूक्रेनी राजनयिक का कहना है कि अब वह किसी भी पुलिस स्टेशन में नहीं मिलेंगी।

रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से ही वहां की मीडिया पर कठोर नियंत्रण लगाने का काम तेज हो गया है। एक रूसी कानून के मुताबिक अगर कोई यूक्रेन पर हुई सैन्य कार्यवाई को जंग या हमला कहता है तो उसे 15 साल तक की जेल हो सकती है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे विशेष सैन्य अभियान का नाम दिया है। इस बात का विरोध जताते हुए मारिया ने एक बहुत साहस का काम किया। न्यूज शो में प्लेकार्ड दिखाने से ठीक पहले मारिया ने अपने वीडियो संदेश में सरकार पर तोहमत लगाते हुए कहा कि चैनल वन के लिए इस तरह का काम करते हुए उनको शर्मिंदगी हुई है। लाखों रूसियों ने उनका विरोध कुछ सेकंड तक देखा। उनके ‘युद्ध बंद करो, युद्ध नहीं’ के नारों को स्क्रीन से तत्काल काट दिया गया। समाचार पढ़ रही एंकर ने भी मारिया के नारों को दबाने की कोशिश में अपनी आवाज को तेज कर दिया। इसके बाद मारिया को स्टूडियो से हटाया गया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपने एक वीडियो संबोधन में मारिया को उनके इस बहादुरी भरे काम के लिए धन्यवाद दिया। जेलेंस्की ने कहा कि ‘मैं उन रूसियों का आभारी हूं जो सच्चाई को सामने लाने की कोशिश करना बंद नहीं कर रहे हैं। वे लोग जो दुष्प्रचार से लड़ते हैं और सच्चाई बताते हैं, अपने दोस्तों और प्रियजनों को वास्तविक तथ्य बताते हैं, और व्यक्तिगत रूप से मैं उस महिला का आभारी हूं, जिसने जंग के खिलाफ एक पोस्टर के साथ चैनल वन के स्टूडियो में प्रवेश किया।’

हजारों लोगों ने मारिया के हिम्मत भरे काम की सराहना की है और कई लोगों ने ट्विटर पर उनके वीडियो साझा किए हैं। रूस में जेल में बंद विपक्ष के नेता एलेक्सी नवलनी की प्रवक्ता किरा यार्मिश ने उस वीडियो को साझा किया है, जिसे 82 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। गौरतलब है कि रूस में अब तक सार्वजनिक जगहों पर जंग विरोधी प्रदर्शनों के लिए 14,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।