Breaking : शासकीय भूमि पर बने मकानों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कुछ को 10 दिन की मोहलत, कब्जाधारियों ने कहा- इनसे 4-4 लाख रुपये में ख़रीदी है ज़मीन

सूरजपुर : जिला प्रशासन ने अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय भूमि पर बने मकान को जमींदोज कर दिया गया है। इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल प्रशासन को ग्रामीणों द्वारा लगातार शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा संबंधी शिकायत मिल रही थी। जिस पर एक्शन लेते हुए सूरजपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व अमले ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए मकानों को तोड़ दिया है।

जानकारी के अनुसार सूरजपुर के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीरपुर (लोहारपारा) में शासकीय भूमि पर 19 लोगों ने कब्जा कर लिया है। जिनमें से कुछ लोगों ने मकान बना लिया है और वहीं रहते हैं, इसके अलावा कुछ प्लाट कटा हुआ है। आज अवैध कब्जाधारियों पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और राजस्व अमले को कब्जाधारियों के द्वारा यह जानकारी दी गई कि सुनील गुप्ता नाम के व्यक्ति द्वारा इन्हें 5-5 डिसमिल का प्लाट 4-4 लाख रुपए में बेचा गया है। इसकी शिकायत कब्जाधारियों ने लिखित में प्रशासन को दिया है।

PicsArt 07 21 02.48.23

अवैध कब्जाधारियों पर कार्रवाई करने महावीरपुर पहुंचे सूरजपुर एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा, जयनगर थाना प्रभारी दीपक पासवान, लटोरी तहसीलदार नम्रता सिंह ने शासकीय भूमि पर बने ऐसे मकानों को जेसीबी से तोड़वा दिया। जिनमें कोई नहीं रह रहा था। वहीं शासकीय भूमि पर घर बनाकर रह रहे करीब 8 से 10 लोगों को नोटिस दिया गया है और 10 दिन के भीतर जगह खाली करने की मोहलत दी गई है।

IMG 20210721 145853

गौरतलब है कि महावीरपुर के लोहारपारा में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत गांव वालों द्वारा प्रशासन को लगातार दिया जा रहा था। वही कोई कार्यवाही नहीं होने से अतिक्रमण का दायरा भी बढ़ता जा रहा था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर बने मकानों को तोड़ दिया है और जिन मकानों में लोग रह रहे हैं उन्हें जल्द से जल्द मकान खाली करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान कॉफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।