सरगुजा : मगदली तिर्की ने सीतापुर का बढ़ाया मान… राज्यपाल ने नारी रत्न अवार्ड से किया सम्मान

अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय).. उप स्वास्थ्य केंद्र सुर में एएनएम के पद पर पदस्थ महिला स्वास्थकर्मी मगदली तिर्की को पहुँचविहीन क्षेत्र में निस्वार्थ सेवाभाव करने के लिये नारी रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड उन्हें महामहिम राज्यपाल अनसुइया उइके के हाथों प्राप्त हुआ।मगदली तिर्की के इस उपलब्धि से पूरा सीतापुर क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है कैग बधाई देकर उनका उत्साहवर्द्धन कर रहे है।

बता दे कि 56 वर्षीय मगदली तिर्की उप स्वास्थ्य केंद्र सुर में एएनएम के पद पर पदस्थ है और विगत 15 वर्षों से सरकार और स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं आम लोगो तक पहुँचा रही है।क्षेत्र के लोगो को अपनी सेवा दे रही है। इनके कार्यक्षेत्र में एक गाँव है महुआबथान जहाँ शत प्रतिशत आबादी पहाड़ी कोरवाओं की है।यह गाँव स्वास्थ्य केंद्र सुर से 7 किलोमीटर की दूरी पर पहाड़ के ऊपर बसा हुआ है और पूरी तरह से पहुँचविहीन है। यहाँ आने जाने का कोई रास्ता नही है पगडंडी के सहारे 3 किलोमीटर की सीधी चढ़ाई करने के बाद ही यहाँ पहुँचा जा सकता है। ऐसी विषम परिस्थिति में भी मगदली तिर्की ने कभी हार नही मानी और सप्ताह में एक बार 3 किलोमीटर की मुश्किल चढ़ाई चढ़कर पहाड़ पर जाती है और पहाड़ी कोरवाओं को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराती है।

बारिश एवं कड़ाके की ठंड के दिनों में कई बार उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ा किंतु उन्होंने हर नही मानी और पहुँचविहीन क्षेत्र में निश्वार्थ भाव से अपना सेवा कार्य जारी रखी।उनके निश्वार्थ भाव से किये गये सेवा कार्य का हई परिणाम है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नामचीन हस्तियों के बीच उन्हें नारी रत्न अवार्ड से महामहिम राज्यपाल अनसुइया उइके ने सम्मानित किया।

इस सम्मान को पाने के बाद मगदली तिर्की ने कहा कि यह मेरे जीवन का अविस्मरणीय पल है मैं यह सम्मान पाकर काफी खुश हुँ और आशा करती हूँ कि अन्य लोग भी इससे प्रेरणा लेकर अपना काम निश्वार्थ भाव से करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी कम छोटा नही होता काम के प्रति निश्वार्थ भाव और लगन हो तो निश्चित ही आगे चलकर सफलता प्राप्त होती है। इस सम्मान को उन्होंने सुर, सीतापुर-सरगुजा और पूरे स्वास्थ्य महकमे के सम्मान बताया।