नगर निगम का बजट.. 3 अरब 87 करोड़ 15 लाख की आय और 3 अरब 82 करोड़ 55 लाख किये खर्च

अम्बिकापुर गुरुवार को नगर निगम में महापौर परिषद की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महापौर द्वारा वर्ष 2018-19 के प्रस्तावित व पुनरीक्षित बजट को पेश किया गया। ननि के इस साल का बजट 4 करोड़ 60 लाख के लाभ का बजट होगा जिसे एमआईसी में सर्व सम्मति से पास किया गया। अब इस बजट को सामान्य सभा की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार नगर निगम को घुनघुट्टा से जल आवर्धन हेतु अमृत मिशन से मिली राशि का काफी फायदा मिला है इसके साथ ही राजस्व वसूली में बेहतर सुधार होने से ननि इस बार करोड़ों के लाभक बजट पेश कर सकेगी।
गुरुवार को महापौर डॉ.अजय तिर्की ने ननि में आयोजित एमआईसी की बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए प्रस्तावित बजट को पेश किया। महापौर ने बताया कि इस साल 3 अरब 87 करोड़ 15 लाख 95 हजार आय व 3 अरब 82 करोड़ 55 लाख व्यय का बजट प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि पिछले साल 34450.45 लाख आय व 34444.78 लाख व्यय के साथ लाभ का बजट पेश किया गया था। इसके साथ ही पिछले साल कई मदों में निर्धारित राशि से ज्यादा व्यय किया गया है जिसे इस साल पुनरीक्षित बजट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। शासन द्वारा अमृत मिशन के तहत घुनघुट्टा बांध से पेय जल आपूर्ती के लिए बनाई गई जल आवर्धन योजना के प्रोजेक्ट की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही इस साल ननि का मुख्य उद्देश्य ट्रांसपोर्ट नगर, फल व सब्जी मंडी का निर्माण करना होगा। इसके साथ ही ननि प्रशासनिक भवन, गोकुल नगर, शहर की जनता के लिए एक नए स्टेडियम व अन्य रुके हुए प्रोजेक्ट्स को शुरू करना मुख्य उद्देश्य होगा। इस दौरान एमआईसी सदस्यों ने सर्व सहमति से बजट को पास किया जिसके बाद अब यह बजट सामान्य सभा मे पेश किया जाएगा। इस दौरान डिप्टी मेयर अजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा, विजय सोनी, हेमंत सिन्हा, नुरुल अमीन सिद्दीकी, जोन लकड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ईई प्रमोद दुबे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
होगा रंग मंच का निर्माण
एमआईसी की बैठक के दौरान महापौर ने कहा कि शहर को एक रंग मंच की आवश्यकता है। कला से जुड़े लोगों को एक अच्छा स्थान मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर के सरगवां वाटर पार्क में पर्याप्त स्थान है। यहां पहले से ही एक खुला मंच है अगर इसे व्यवस्थित कर दिया जाए तो कला प्रेमियों को एक बेहतर मंच मिल सकेगा। इसके साथ ही महापौर ने शहर में एक नई लाइब्रेरी खोलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि शहर के घड़ी चौक पर एक लाइब्रेरी है जहां अब कई कार्यक्रम होते है और सामान्य वर्ग वहां नही जा पाता है। ननि की लाइब्रेरी होने से लोग कम से कम वहां जा सकेंगे।