कवर्धा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अंतरराज्यीय सीमाओं से होने वाली अवैध आवक को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले के चिल्फी में खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 300 क्विंटल अवैध धान से लदा एक ट्रक जब्त किया है। खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में हुई इस दबिश से अवैध कारोबारियों और कोचियों में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त किया गया धान पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से लाया गया था और इसे छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में अवैध रूप से खपाने की तैयारी थी। दरअसल, प्रदेश में इन दिनों समर्थन मूल्य पर धान खरीदी चल रही है, जिसका अनुचित लाभ उठाने के लिए बिचौलिए बाहरी राज्यों से कम दाम में धान लाकर यहां बेचने की फिराक में रहते हैं। इसी आशंका के चलते विभागीय अमला सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी रख रहा था, जिसके परिणामस्वरूप देर रात यह ट्रक टीम के हत्थे चढ़ गया।
फिलहाल, संयुक्त टीम ने धान सहित ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि धान की यह खेप मध्यप्रदेश के किस इलाके से लोड की गई थी और जिले के किस खरीदी केंद्र या व्यापारी के माध्यम से इसे खपाने की योजना बनाई गई थी। जांच पूरी होने के बाद संबंधितों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
