छत्तीसगढ़: घर के बाहर टहल रही विवाहित महिला से कहा तुम्हें पसंद करता हूं; फिर किया दुष्कर्म, अब सलाखों के पीछे आरोपी

जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने विवाहित महिला से रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल, आरोपी ने रात के वक्त अपने घर के बाहर टहल रही विवाहित महिला का हाथ पकड़कर, घर से कुछ दूर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था, घटना को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था। जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई थीं। इसी बीच आरोपी के अपने घर में आने की सूचना पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पत्थलगांव थानाक्षेत्र का है।

दरअसल, 10 अप्रैल 2021 को एक 30 वर्षीय विवाहित महिला ने पत्थलगांव थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। रिपोर्ट में  बताया कि, वह 26 जनवरी की रात लगभग 10 बजे अपने घर के बाहर घूम रही थी, उसके पति किसी कार्य से घर से बाहर गये थे, उसी दौरान सुशील खलखो नाम का युवक उसके पास आया और तुमको पसंद करता हूं, कहकर उसके हाथ को पकड़कर खींचते हुए कुछ दूर अपने साथ ले गया, और दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस घटना के बारे में किसी को बताने पर युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।

इस पर आरोपी के खिलाफ थाना पत्थलगांव में धारा 376, 506 भा.द.वि. के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वहीं आरोपी सुशील खलखो घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था, उसकी लगातार पता-तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिली कि, आरोपी सुशील खलखो अपने निवास में आया हुआ है, इस सूचना पर थाना पत्थलगांव पुलिस टीम द्वारा तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुये तत्काल मौके पर जाकर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सुशील खलखो (23 वर्ष) निवासी जामजुनवानी खारापारा, थाना पत्थलगांव के ख़िलाफ़ अपराध सबूत पाए जाने पर, उसे आज गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। जहां न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक एन.एल.राठिया, उप निरीक्षक ललित नेगी, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, आरक्षक कमलेश्वर वर्मा, आरक्षक मरियानुस एक्का, आरक्षक लवकुश चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।