Chhattisgarh News : अनोखी चोरी: पुलिसकर्मी की बाइक ले गया चोर… दिनभर घुमाई फिर रात को खड़ी कर गया…

दुर्ग जिले में पुलिसकर्मी के घर एक अनोखी चोरी हुई। यहां एक अज्ञात चोर पुलिसवालों के नाक के नीचे से बाइक चोरी कर ले गया। उसने दिन भर शहर में बाइक को चलाया और रात के मात्र 11:30 बजे ही बाइक को वापस उसी जगह पर पार्क करके चला गया, जहां से उसने बाइक उठायी थी। इधर, बाइक चोरी की शिकायत के बाद पुलिस बाइक की तलाश करती रही। बाद में शिकायतकर्ता ने खुद भिलाई नगर पुलिस को बताया कि चोर उनकी बाइक को वापस वहीं छोड़कर चला गया है।

पुलिस हाउसिंग कॉलोनी ई-ब्लॉक के नीचे पार्किंग स्थल पर महिला आरक्षक के पति ने गुरुवार रात अपनी बाइक को खड़ा किय। शुक्रवार तड़के 4 बजे लाल गमछा से मुंह को बांधे हुए युवक पहुंचा। उसने बड़ी आसानी से बाइक का लॉक तोड़ा। इसके बाद उसे लेकर वह भाग गया। उसने दिनभर बाइक का उपयोग किया और उसके बाद रात 11.30 बजे बाइक को उसी स्थान पर खड़ा कर भाग निकला। सीसीटीवी कैमरे में यह घटना भी कैद हो गई है। बाइक रखते समय चोर ने चेहरे में गमछे को गले में रखा था, जिससे उसका चेहरा भी समझ आ रहा है। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस हाउसिंग कॉलोनी के पार्किंग स्थल से बाइक चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से एक आरक्षक की बुलेट चोरी हो गई थी। शिकायत करने पर चोरी का मामला दर्ज करने की जगह टीआई ने आरक्षक को खरी खोटी सुनाई थी। बाद में पुलिस ने आरोपियों को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया, पर बुलेट का पता आज तक नहीं चल पाया है। भिलाई नगर कंट्रोल रुम कैंपस में ही एएसपी सिटी और सीएसपी भिलाई नगर का कार्यालय है। यहां एसएसपी भी बैठते हैं। इसके साथ ठीक इससे लगा हुआ भिलाई नगर थाना है। यहां 24 घंटे पुलिस के जवानों का पहरा रहता है। इसके बाद भी चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। यह पुलिस के लिए किसी चैलेंज से कम नहीं है। पुलिस हाउसिंग कॉलोनी ई-ब्लॉक भी इसी कैंपस में स्थित है।