महिला ने साथियों के साथ मिलकर 17 हजार के लिए ठेकेदार और उसके साले का किया अपहरण… मारपीट कर मांगी फिरौती..

बिलासपुर जिले में गुरुवार की रात बीसी की 17 हजार रकम को लेकर महिला और उसके साथियों ने ठेकेदार और उसके जीजा का अपहरण कर लिया। इसकी सूचना पर पुलिस ने ठेकेदार और उसके जीजा की तलाश शुरू कर दी। ठेकेदार और उसका जीजा महिला और उसके साथियों के चंगुल से भागकर थाने पहुंचे। घटना की शिकायत पर पुलिस ने महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया कि पारिजात कालोनी में रहने वाले ऋषभ श्रीवास्तव ठेकेदार हैं। उनकी पत्नी बैंक में काम करती हैं। गुरुवार की शाम उनके घर में निशा ठाकुर अपने साथियों शुभेंदु सिकदर, दिनेश घोरे, धर्मेंद्र दास के साथ आई। घर में ऋषभ की मां मौजूद थीं। महिला उन्हें धक्का देकर घर में घुस गई। उसने ऋषभ से बीसी की रकम को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

इसका विरोध करने पर उसके साथियों ने ठेकेदार से मारपीट की। ऋषभ ने इसकी जानकारी अपने जीजा आशुतोष कश्यप को दी। उनके वहां आने पर महिला के साथियों ने उनसे मारपीट की। महिला और उसके साथी आशुतोष को स्कूटी में बिठाकर अपने साथ ले गए। साथ ही ऋषभ को कार में बिठाकर लोयला स्कूल की ओर ले गए। वहां पर उन्होंने ठेकेदार से मारपीट कर रुपये मांगे। साथ ही उनकी पत्नी को फोन कर 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं मिलने पर महिला उसे जान से मारने की धमकी दे रही थी।

इसकी शिकायत पर पुलिस ठेकेदार और उसके जीजा की तलाश कर रही थी। इसी बीच ठेकेदार किसी तरह भागकर कोतवाली थाने पहुंचा। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे सिविल लाइन थाने पहुंचाया। यहां उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इधर पुलिस ने महिला निशा ठाकुर और उसके साथी शुभेंदु सिकदर को थाने बुलवाया। महिला से पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथियों की तलाश की जा रही है।