कमर दर्द का इलाज कराने गए युवक को झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, एक घंटे में हो गई मौत

बिलासपुर। मस्तूरी के झोलाछाप ने नर्सिंग कालेज के कर्मचारी को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। एक घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। कॉलेज कर्मी के साथियों ने इसकी शिकायत मस्तूरी थाने में की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। इधर घटना की जानकारी होने के बाद झोलाछाप अपने ठिकाने से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।

मस्तूरी थाना प्रभारी प्रकाश कांत ने बताया कि, दुर्ग जिले के साजा क्षेत्र अंतर्गत देउरगांव में रहने वाले मुरली यादव (27 वर्ष) संदीपनी नर्सिंग कॉलेज में सुपरवाइजर थे। सोमवार की सुबह उनके कमर में दर्द था। इलाज के लिए वे मस्तूरी में रहने वाले झोलाछाप बीपी मंडल के पास गए। डॉक्टर ने उनकी कमर में नेरोबियान इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगवाने के बाद वे अपने घर लौट आए।

यहां पर उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। उनके साथी उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उनकी मौत हो गई। नर्सिंग कालेज के कर्मचारियों ने इसकी जानकारी मस्तूरी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर घटना की जानकारी होते ही झोलाछाप अपने ठिकाने से फरार हो गया। पूछताछ के लिए पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि मामले में आरोपित को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है जो उसके संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है।

मस्तूरी थाना प्रभारी प्रकाश कांत ने बताया कि, नर्सिंग कालेज कर्मी मुरली यादव यहां कालेज परिसर में ही रहता था। उसका परिवार गांव में रहता है। घटना की जानकारी उनके परिवार वालों को दी गई है। स्वजन की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है। दोपहर को स्वजन शव लेकर गांव लौट गए हैं।