छग राज्य का दूसरा शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज बिलासपुर में: डॉ. रमन सिंह

3054 cc

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से बिलासपुर में राज्य का दूसरा शासकीय आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय शुरू किया जाएगा। डॉ. सिंह के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके निवास पर बधाई देनेे पहुंचे आयुर्वेद चिकित्सकों के प्रतिनिधि मण्डल को मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य शासन द्वारा महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति पहले से दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के प्रथम वर्ष में प्रवेश क्षमता 60 सीट होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी रायपुर स्थित शासकीय आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय की क्षमता भी 55 से बढ़ाकर एक सौ करने का प्रयास किया जाएगा। महाविद्यालय में प्रोफेसर सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं भी प्राथमिकता से मुहैया कराई जाएंगी। छत्तीसगढ़ आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डी.के.तिवारी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल ने लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर डॉ. सिंह को बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधि मण्डल मंे शासकीय आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती सुशील बिबे सहित डॉ. संजय शुक्ला, डॉ. सुरेन्द्र शुक्ला, डॉ.बी.सी.जैन, डॉ. रक्षपाल गुप्ता और डॉ. जी.आर. रात्रे शामिल थे।