– बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, अंदर कलेक्टर की बैठक; मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग से घंटों परेशान रहे अधिकारी, वैकल्पिक रास्ते की कमी ने खोली प्रशासनिक व्यवस्था की पोल
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को एक अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई। बाहर कांग्रेस की चेतावनी रैली और प्रदर्शन चल रहा था, वहीं दूसरी ओर कलेक्ट्रेट के भीतर कलेक्टर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। लेकिन बैठक खत्म होने के बाद जब अधिकारी अपने कार्यालयों की ओर जाने के लिए बाहर निकलने लगे तो मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि जिले के कई अधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर ही फंसकर रह गए।
बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी था और अंदर अधिकारी बाहर निकलने के रास्ते तलाशते नजर आए। मुख्य गेट बंद होने के कारण कुछ अधिकारी जनसंपर्क कार्यालय और एसपी कार्यालय के पीछे से निकलने वाले रास्ते की ओर पैदल जाने की कोशिश करते रहे। इस दौरान अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक चली इस असहज स्थिति के बाद जब कांग्रेस का प्रदर्शन समाप्त हुआ, तब जाकर कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट खोला गया और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
इस पूरे घटनाक्रम ने जिला प्रशासन की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण जिला कार्यालय परिसर में प्रवेश और निकास के लिए एक ही रास्ते पर निर्भरता क्यों है? क्या प्रशासन ने कभी ऐसी स्थिति के लिए वैकल्पिक निकास मार्ग की व्यवस्था पर विचार किया है?
सवाल सिर्फ अधिकारियों के फंसने का नहीं, आम जनता की सुरक्षा का भी है। यदि किसी आपात स्थिति, आगजनी, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या अन्य अप्रत्याशित घटना के दौरान कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद हो जाए तो परिसर में मौजूद आम नागरिक आखिर बाहर कैसे निकलेंगे? लोकतांत्रिक प्रदर्शन अपनी जगह जरूरी हैं, लेकिन उसके नाम पर किसी सरकारी परिसर में मौजूद लोगों के सुरक्षित आवागमन का रास्ता बाधित होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
अब जरूरत है कि जिला प्रशासन कलेक्ट्रेट परिसर में वैकल्पिक प्रवेश और निकास मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी आंदोलन या प्रदर्शन के दौरान अधिकारी ही नहीं, आम नागरिक भी इस तरह की परेशानी में न फंस
