लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सियासत तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर मंगलवार, 17 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक से पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। वहीं कांग्रेस ने भी अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर करते हुए समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंप दी है।
मैनपुरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर गंभीरता और गहराई से चर्चा होगी। दोनों दल मिलकर यह तय करेंगे कि किस सीट पर किस पार्टी के जीतने की संभावना अधिक है। अखिलेश ने दो टूक कहा, “जो जीतेगा, वो सीट पाएगा।”
अखिलेश यादव के इस बयान को गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर जीत की संभावना को प्राथमिकता देने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उनका स्पष्ट संदेश है कि सीटों का फैसला केवल राजनीतिक दावेदारी या संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
इधर, कांग्रेस ने भी सीट बंटवारे को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची भेजी है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इन चिन्हित सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। ऐसे में अब सबकी निगाहें मंगलवार को होने वाली बैठक पर टिकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर समाजवादी पार्टी का क्या रुख रहता है और दोनों दलों के बीच कितनी सीटों पर सहमति बन पाती है। फिलहाल अखिलेश का ‘जो जीतेगा, वही सीट पाएगा’ वाला फॉर्मूला यूपी की सियासत में गठबंधन की नई रणनीति का संकेत दे रहा है।
