धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत होते ही बिचौलियों और अवैध भंडारण करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के सख्त निर्देश पर राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने नगरी तहसील क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देकर कुल 1,660 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से कोचियों और अवैध व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक टीम ने सबसे बड़ी कार्रवाई 16 नवंबर को नगरी स्थित खेमचंद-केवलचंद फर्म के गोदाम में की। जांच के दौरान यहां बिना किसी वैध दस्तावेज के डंप कर रखा गया 1,178 कट्टा धान पकड़ा गया, जिसे टीम ने तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया। इससे एक दिन पहले 15 नवंबर को ग्राम सिंगपुर में चैतराम साहू के ठिकाने पर दबिश देकर मंडी टीम ने 32 कट्टा (12.80 क्विंटल) धान बरामद किया था।
कार्रवाई के इसी सिलसिले में ग्राम सांकरा स्थित व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम पर भी छापा मारा गया, जहां वैध कागजात नहीं दिखाने पर मंडी अधिनियम के तहत 150 कट्टा धान जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाली अवैध आवक को रोकने के लिए बनरौद नाका पर की गई जांच के दौरान टीम ने 300 कट्टा धान पकड़ा और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए इसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के लिए उपार्जन केंद्रों, गोदामों और परिवहन मार्गों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अवैध रूप से धान का भंडारण, परिवहन या खरीदी केंद्रों में इसे खपाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
