धमतरी। धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही जिला प्रशासन ने मिलरों की मनमानी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने भोयना स्थित ‘ए.के. राइस इंडस्ट्रीज’ की दोनों इकाइयों पर औचक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान मिल प्रबंधन द्वारा स्टॉक पंजी (रजिस्टर) प्रस्तुत न किए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों मिलों में रखा पूरा खाद्यान्न जब्त कर लिया है।
संयुक्त टीम की इस बड़ी कार्रवाई में कुल 32,878 क्विंटल (लगभग 80 हजार कट्टा) धान और 1,425 क्विंटल चावल को जब्त किया गया है। जांच के समय मिल के संचालक मौके से अनुपस्थित पाए गए। प्रशासन ने यह कार्रवाई ‘छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016’ के प्रावधानों के तहत की है। प्रशासन की इस त्वरित और कठोर कार्रवाई से जिले के अन्य मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
