Surguja News: राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कन्या स्कूल में विविध आयोजन, छात्राओं को उनके अधिकारों के संबंध में दी गई जानकारी…

फटाफट न्यूज़ बतौली। प्रशांत खेमरिया

अंबिकापुर: बतौली कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल बतौली में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विविध आयोजन संपन्न किए गए हैं। इस अवसर पर छात्राओं को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण के संबंध में जानकारियां दी गई। विशाल रैली का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल के शिक्षक, शिक्षिकाओं के अलावा समस्त छात्राओं ने हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि, मंगलवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस विभिन्न स्थानों पर मनाया गया। बतौली के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में विकासखंड स्तरीय आयोजन संपन्न किया गया। इस दौरान BEO शरद चंद्र मेषपाल, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य वीआर त्रिपाठी सहित समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। छात्राओं को बालिका दिवस मनाए जाने के संबंध में विशेष जानकारी दी गई। साथ ही, छात्राओं को प्राप्त कानूनी संरक्षण और अधिकारों के संबंध में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। एक विशाल रैली स्कूल से लेकर बतौली मुख्य मार्ग तक आयोजित की गई थी। छात्राएं विभिन्न नारे युक्त तख्तियां लेकर चल रही थीं। मुख्य रूप से छात्राएं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, बालिकाओं का संरक्षण करने, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान और बालक बालिकाओं के बीच समानता के संबंध में जागरूक कर रही थी।

स्कूल में इस आयोजन के दौरान भाषण प्रतियोगिता, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य और गीत गायन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए हैं ।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनीष कुमार गुप्ता और शिक्षिका प्रियंका खेमरिया ने किया।