कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता कार्यक्रम की अम्बिकापुर में हुई शुरुआत, जानें क्या है प्लान

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आज कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। अम्बिकापुर के राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे पीसीसी चीफ़ मोहन मरकाम ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा- हमारे पास कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास है। विरोधी झूठ फरेब और सामाजिक वैमनस्यता फैलाकर सत्ता हासिल करते है। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के रीति नीति और इतिहास की जानकारी होनी चाहिए तभी हम विरोधियों के प्रोपेगेंडा का जवाब दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उनकी क्षमता को पहचान कर उन्हें जिम्मेदारी दी जाती है। डिजिटल सदस्यता का मकसद कार्यकर्ताओं का डेटाबेस तैयार करना है। एक बूथ में कम से कम सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह तभी सम्भव है जब हम सब पदाधिकारी सिर्फ आदेश देने तक ही सीमित न रहें बल्कि कार्यकर्ता बनकर स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें। मैं स्वयं एक कार्यकर्ता की तरह कार्य करने में विश्वास रखता हूं। प्रदेशाध्यक्ष श्री मरकाम ने चिरपरिचित अंदाज में मौजूद विधायकों, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से सवाल जवाब भी किया।

पिछले बार सरगुज़ा में रिकॉर्ड सदस्यता

प्रभारी सचिव चंदन यादव ने कहा कि पिछली बार प्रदेश में सबसे ज्यादा सदस्यता का रिकॉर्ड सरगुजा जिले के नाम रहा है। इस बार सरगुजा को पुराना रिकॉर्ड तोड़ना होगा। हम मिस्डकॉल से फर्जी सदस्य नहीं बनाते। डिजिटल सदस्यता में सदस्य के मोबाइल नम्बर, मतदान केंद्र, फोटो सहित तमाम जानकारी एक ही क्लिक में उपलब्ध होगी। नेता हो कार्यकर्ता सबको बूथ स्तर की सदस्यता जरूरी है। इसके बिना कोई पद या मिलना सम्भव नही होगा। डिजिटल के साथ-साथ पुरानी पद्धति से भी सदस्य बनाया जा रहा है। डेटा एनालिटिक्स विभाग के संयोजक विशाल मीणा ने डिजिटल सदस्यता की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

इन नेताओं ने किया कार्यक्रम को संबोधित

कार्यक्रम को श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफ़ी अहमद, डिजिटल सदस्यता के प्रदेश प्रभारी पीयूष कोसरे, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ जेपी श्रीवास्तव, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचन्द्र पाढ़ी कोको, आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष जयवर्धन बिस्सा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता एवम आभार प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने किया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सीजीएमसी के अध्यक्ष डॉ प्रीतम राम, खाद्य आयोग अध्यक्ष गुरप्रीत बाबरा, चौलेश्वर चंद्राकर, रामबिलास साहू, प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, फुलकेरिया भगत, मधु सिंह, योगेश शुक्ला, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, राजेन्द्र तिवारी, मनोज सागर, नजीर अजहर, भगवती राजवाड़े, बलराम यादव, मार्तंड सिंह देव, यूनुस खान, कृपा गुप्ता, वायु श्री सिंह, पालु गुप्ता, तिलक बेहरा सैय्यद अख्तर, मो इस्लाम, शैलेश सिंह, आशीष वर्मा, अनूप मेहता, मदन जयसवाल, मधु दीक्षित, दिलीप धर, चुनमुन तिवारी, अजय सिंह, सतीश बारी, विष्णु सिंह देव, अनुपम फिलिप, मुजस्सम नजर, हिमांशु जयसवाल, नीतीश चौरसिया, आतिफ, शुभम, निक्की खान, उत्तम राजवाड़े, बाबू सोनी, अविनाश, शकीला परबीन सहित सरगुजा, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर जिले के ब्लॉक अध्यक्ष, जोन और सेक्टर प्रभारी उपस्थित रहे।

रायपुर में मिले सरगुजा को सम्मान

स्वागत उद्बोधन के लिए आए महापौर डॉ अजय तिर्की ने अपने दो लाइन के उद्बोधन में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में सरगुजा की व्यथा को कह दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन पर मुझसे कहा था “आपका शहर साफ और सुंदर है। यहां आकर मुझे शांति मिलती है। हम सब अपने आप को सुरक्षित और संरक्षित महसूस करते हैं। मैं प्रदेश अध्यक्ष से सिर्फ यही कहूंगा कि बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ अंचल के लोग रायपुर को हमेशा से स्नेह देते आ रहे हैं, हम बस इतना चाहते हैं बस्तर और सरगुजा के लोग जब रायपुर जाएं तो उन्हें भी सरकार और संगठन से उतना ही स्नेह और संरक्षण मिलना चाहिए।”