पति की प्रेमिका के घर पहुंची पत्नी, जमकर पीटा; आहत युवती ने लगा ली फांसी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आत्महत्या का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। प्रेमी की पत्नी और मां की पिटाई से आहत 22 साल की लड़की ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद लड़का, उसकी पत्नी और मां फरार हो गए हैं। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद लड़की का शव परिजनो को सौंप दिया। घटना मूसाखेड़ी की गुरुवार रात की है।

पलासिया थाना पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात किसी ने थाने में सूचना दी कि मूसाखेड़ी में लड़की ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस अस्पताल पहुंची और छान-बीन की। लड़की की उम्र 22 साल थी और उसका नाम काजल पुत्री गिरधारी हिरवे था। काजल हाउस कीपर का काम करती थी। पुलिस ने बताया कि करीब चार महीने पहले उसकी दोस्ती पलासिया के रहने वाले सोनू से हुई। सोनू ड्राइवर है। दोनों की दोस्ती हो गई और वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे। दोनों के बीच आए दिन मुलाकातें होती थीं।

बताया जाता है कि, सोनू की पत्नी को बुधवार को किसी तरह इसकी जानकारी लगी गई। उसने बवाल मचा दिया। वह 3 महिलाओं के साथ काजल के घर घुस गई। यहां इन महिलाओं का काजल और उसकी मां से विवाद हो गया। तीनों महिलाओं ने काजल की जमकर पिटाई की। इससे काजल आहत हो गई। उसने गुरुवार शाम फांसी लगा ली। काजल का लटका हुआ शव सबसे पहले मां ने देखा। उसके बाद वे पड़ोसियों की मदद से उसे लेकर अस्पताल पहुंचीं। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

काजल के भाई ने पुलिस को बताया कि काजल को सोनू धोखा दे रहा था। उसने हम सभी को बताया था कि वह कुंवारा है। काजल जहां हाउस कीपिंग का काम करती थी, सोनू उसी फैक्ट्री की गाड़ी चलाता है। यहीं दोनों की पहचान और दोस्ती हुई। जिस वक्त घटना घटी उस वक्त काजल का भाई और छोटी बहन नौकरी पर गए थे। पुलिस ने मारपीट करने वाली सोनू की पत्नी और सास की जानकारी निकाली है। वह घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं। तीन अन्य महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।