श्रीलंका, भूटान राष्ट्राध्यक्षों ने दी मुख्यमंत्री को बधाई

तीसरी पारी को बताया लोकोन्मुखी नीतियों में लोगों के विश्वास की जीत

भोपाल : शुक्रवार, दिसम्बर 27, 2013, 17:09 IST

श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री महिंदा राजपक्षे और भूटान नरेश श्री जिग्मे खेसर ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को तीसरी बार सत्ता सँभालने के लिये बधाई और शुभकामनाएँ भेजी हैं। श्री महिंदा राजपक्षे ने मुख्यमंत्री के सक्षम नेतृत्व की सराहना करते हुए तीसरी पारी को शासन-प्रशासन और लोक केंद्रित नीतियों में लोगों के विश्वास की जीत बताया है।

श्री राजपक्षे ने पिछले साल सितम्बर महीने में साँची बुद्धिस्ट भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में भाग लेने अपनी मध्यप्रदेश की यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने विश्वविद्यालय की स्थापना की उल्लेखनीय पहल की है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि विश्वविद्यालय में अकादमिक पाठ्यक्रमों का अध्ययन जल्दी ही शुरू हो जायेगा।

श्री राजपक्षे ने अपने पत्र में कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच गहरे मित्रवत संबंध हैं, दोनों पुरातन देश हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इन संबंधों को नया आयाम देने की पहल से श्रीलंका के नागरिक अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में साँची और अन्य बौद्ध स्थलों में श्रीलंका से बढ़ी संख्या में तीर्थ यात्री आते हैं। उन्होंने दिवूरूमपोला में सीता माता के मंदिर निर्माण में मध्यप्रदेश के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से दोनों देश और विशेष रूप से श्रीलंका और मध्यप्रदेश के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश समृद्धि की राह पर बढ़ता रहेगा।

इसी प्रकार भूटान नरेश श्री जिग्मे खेसर ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि तीसरी बार विजय से स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश के लोगों ने श्री चौहान के नेतृत्व में भरोसा दिखाया है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश शांति और समृद्धि के नये प्रतिमान स्थापित करता रहेगा।