चरित्र पर शक के चलते पति ने पत्नी को जानवरों की तरह पीटा, सरेराह कपड़े उतारने की कोशिश

अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले से शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां चरित्र पर शक के चलते एक महिला को उसके पति ने दोस्तों और माता-पिता के साथ मिलकर बीच सड़क पर खींच-खींचकर पीटा। इस दौरान पति ने पत्नी के कुछ कपड़े भी उतार दिए। महिला के साथ-साथ एक अन्य युवक की भी जमकर पिटाई की गई। महिला के साथ बर्बरता का वीडियो सामने आते ही यह वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए लोगों में वीडियो वायरल करने वाला शख्स भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार शाम को सोंडवा थाना क्षेत्र की है। यहां उमराली चौकी के ग्राम छोटी वेगलगांव में पति ने गांव के ही एक लड़के के साथ पत्नी को देख लिया। ये देखते ही उसका पारा चढ़ गया। उसने दोस्तों और माता-पिता को मौके पर इकट्ठा किया और पत्नी की लकड़ी से बर्बरता पिटाई करनी शुरू कर दी। उसने पत्नी के कपड़े भी उतारने की कोशिश की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पास खड़ी महिला की सास बेटे को बर्बरता के लिए और उकसा रही है। मौके पर आरोपी के दो दोस्त और पिता भी हैं। उन्होंने पत्नी के साथ पकड़ाए युवक को भी जमकर पीटा।

वीडियो मिलते ही पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी

वीडियो वायरल होने के बाद यह जिले के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचा। उसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने वीडियो को आधार बनाकर महिला के पति, ससुर, सास, पति के दोस्त राकेश और गोलू उर्फ प्रशांत झिंगला को गिरफ्तार किया। एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया महिला के पति, सास, ससुर और पति के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। वीडियो बना रहे एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों पर आईटी एक्ट सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।