सिवनी के पेंच टाईगर अभयारण्य में मोगली बाल उत्सव प्रारंभ..

24 दिसम्बर तक चलेगा मोगली बाल उत्सव

भोपाल : रविवार, दिसम्बर 22, 2013, 19:12 IST

राज्य-स्तरीय मोगली बाल उत्सव आज से सिवनी के पेंच टाईगर अभयारण्य टुरिया के जंगल होम रिजार्ट में प्रारंभ हुआ। आज सुबह 5.30 बजे जंगल सफारी भ्रमण के लिए बघीरा समूह के बच्चों का चयन किया गया और उन्हें जंगल की सैर करवाई गई।

मोगली बाल उत्सव में प्रदेश के सभी जिलों के बच्चों को 21 दिसम्बर की रात्रि को समारोह स्थल पहुँचाया गया। बच्चों के तीन समूह बनाये गए। इन समूह के नाम मोगली के मित्रों बघीरा, बालू एवं का के नाम पर रखे गए। मोगली बाल उत्सव सिवनी कलेक्टर श्री भरत यादव के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

बाल उत्सव में आज बच्चों के अन्य दो समूह बालू एवं का ने नेचरट्रेल तथा हेबिटाट सर्च के लिए मोगली मित्रों के साथ भ्रमण किया। इन बच्चों को ग्रामीण जन-जीवन के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने ग्रामीणों के बीच विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुति दी। मोगली उत्सव के दौरान वन विभाग द्वारा फिल्म शो तथा शासकीय हाईस्कूल बोरदई में पर्यावरण पर आधारित एक नृत्य नाटिका की भी प्रस्तुति दी गई। नि:शक्त छात्रों ने पर्यावरण गीत प्रस्तुत किए।

मोगली उत्सव में 23 और 24 दिसम्बर के भी कार्यक्रम तैयार किए गए हैं।