WhatsApp चैट ने खोल दी डॉक्टर की पोल, पत्नी ने शादी की फोटो शेयर की, तो थाने पहुंच गई दो गर्लफ्रैंड

झारखंड की राजधानी रांची के एक प्रतिष्ठित हॉस्पिटल के एक डॉक्‍टर की कलई वाट्सएप चैट ने ऐसी खोली की उसकी एक नहीं दो-दो गर्लफ्रेंड ने थाने पहुंचकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। दोनों गर्लफ्रेंड ने डॉक्‍टर पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।  

हुआ यूं कि डॉक्‍टर की कारस्‍तानी पत्‍नी के सामने तब आई जब उसने मोबाइल चैट देखकर शादी की तस्‍वीर को शेयर किया। यह तस्‍वीर डॉक्‍टर की दोनों कथित गर्ल फ्रेंड ने देख ली। इसके बाद बवाल मच गया। थाने पहुंची दोनों लड़कियों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर शादी का झांसा देकर उनके साथ रंगरेलियां मना रहा था। दोनों में से एक लड़की ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से डॉक्‍टर उसके साथ रिलेशनशिप में था। दूसरी गर्लफ्रेंड ने बताया कि डॉक्‍टर का पिछले तीन साल उसके साथ अफेयर चल रहा था। 

दोनों गर्लफ्रेंड का कहना है कि डॉक्‍टर के शादीशुदा होने के बारे में उन्‍हें कोई जानकारी नहीं थी। दस साल से डॉक्‍टर के साथ सम्‍बन्‍ध रखने वाली लड़की ने भी उसके शादीशुदा होने के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की। बताया जा रहा है कि हाल ही में डॉक्टर की पत्नी को उसके किसी से चैट करने का शक हो गया। इसके बाद पत्‍नी ने डॉक्‍टर की जासूसी शुरू कर दी। पत्‍नी ने गर्लफ्रेंड के साथ डॉक्‍टर की चैट देख ली। इसके बाद उनसे अपनी शादी की तस्वीर वाट्सएप पर दोनों गर्लफ्रेंड के साथ शेयर कर दी। डॉक्टर की शादी की तस्वीर दिखते ही दोनों लड़कियां परेशान हो गईं। वे डॉक्‍टर के शादीशुदा होने की बात से हैरान थीं। इसके बाद दोनों लड़कियां बरियातू थाने पहुंचीं और डॉक्‍टर पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया। लड़कियों ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर ने उनसे जबरन शरीरिक संबं​ध बनाए और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।