तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुसी, कार के उड़े परखच्चे, चार की मौत एक घायल

मध्यप्रदेश : भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक घायल बताया जा रहा है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भयानक थी कि टाइल्स से भरे ट्रके के पीछे के टायर ऊपर उठ गए। JCB मशीन और आयरन कटर से काटकर शवों को निकाला गया।

इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि एक आई-20 कार से सवार पांच युवक भोपाल से मिसरोद की तरफ जा रहे थे। रात करीब साढ़े तीन बजे भोपाल-होशंगाबाद रोड स्थित सुरेन्द्र लैड मार्क के सामने तेज रफ्तार कार पीछे से टाइल्स भरे ट्रक से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के पीछे से घुसने पर ट्रक के पीछे के दोनों पहिए ऊपर उठ गए। जिससे कार में सवार युवकों के चेहरे बुरी तरह कुचल गए।

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को शव निकालने में परेशानी हुई। इसके बाद नगर निगम का अमला JCB लेकर पहुंचा। JCB से कार को ट्रक से निकला, फिर आयरन कटर से काटकर कार से शव बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार युवक पार्टी कर रहे थे। मृतक हितेश, आदित्य और अन्य दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं एक घायल युवक को नर्मदा ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल होशंगाबाद रोड पर हादस की खबर पर दु:ख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल-होशंगाबाद रोड पर कार और ट्रक में टक्कर से हुई दुर्घटना में कई अमूल्य जिंदगियाें के असमय निधन के समाचार से दु:ख हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माताओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।