कांग्रेस ने लोकसभा के लिए जारी की अपनी पहली सूची.. राहुल,सोनिया,कैफ,करुणा उम्मीदवार

नई दिल्ली

  • अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओ को फीका तौफा..
  • महिलाओ को 12 फीसदी टिकट..
  • भ्रष्टाचार के मामले मे फंसे सांसदो की टिकट अभी अधर मे..

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी 194 उम्मीदवारों के नामो का एलान कर दिया है। जारी पहली सूची में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत अधिकतर मौजूदा सांसदों के टिकट की घोषणा की गई है। पार्टी ने नंदन नीलेकणि, क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और भोजपुरी सुपर स्टार रविकिशन और अटल बिहारी बाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला को उतारने का फैसला कर लिया है लेकिन पार्टी ने विवादों में घिरे सुरेश कलमाड़ी, पवन बंसल व अशोक चव्हाण जैसे नामों से फिलहाल परहेज किया है।

कांग्रेस ने अंडमान, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात हरियाणा, झारखंड कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, मणिपुर मेघालय मिजोरम ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के नाम घोषित करने में कांग्रेस ने बहुत चौंकाने वाले नाम नहीं दिए हैं। सूची में दावा किया गया है कि 35 फीसद उम्मीदवार युवा यानी 50 वर्ष से कम उम्र के हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रायबरेली और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से उम्मीदवार होंगे।

इधर इस सूची मे सुशील कुमार शिंदे, सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, कमलनाथ, बेनी प्रसाद वर्मा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मल्लिकार्जुन खड़गे, गिरिजा व्यास, परणीत कौर, दीपादास मुंशी, अधीर रंजन चौधरी, आरपीएन सिंह, जितिन प्रसाद, प्रदीप जैन आदित्य, मिलिंद देवड़ा समेत सभी कैबिनेट व राज्य मंत्रियों को कांग्रेस ने दोबारा मौका दिया है। राष्ट्रपति के पुत्र अभिजीत मुखर्जी और हाल में ही विधानसभा मे टिकट ना मिलने से नाराज़ भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र दीपेंद्र हुड्डा को भी टिकट मिला है।

उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 49 सीटों से प्रत्याशी घोषित किए गए हैं, जिसमें दलितों, अल्पसंख्यकों व पिछड़ों का प्रतिनिधित्व ज्यादा है। तीन मौजूदा सांसदों के टिकट नहीं घोषित किए गए हैं। इनमें कांग्रेस छोड़ने वाले जगदंबिका पाल के अलावा अपनी मौजूदा सीटें बदलने की चाह रखने वाले राज बब्बर और मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं। राज बब्बर फिरोजाबाद और अजहरुद्दीन मुरादाबाद छोड़ना चाहते हैं। दोनों ही सीटों से प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं।

अजहरुद्दीन पश्चिम बंगाल से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन वहां से उनकी संभावित दोनों सीटों से प्रत्याशी उतार दिए गए हैं। सीट बदलना चाह रहे कमल किशोर कमांडो को उनकी पुरानी सीट बहराइच से ही टिकट दिया गया है। इससे टिकट बदलने की चाह रखने वाले नेताओं के लिए कांग्रेस आलाकमान का संकेत माना जा रहा है। पहली सूची में कांग्रेस कोई बड़ा उलटफेर करने या चौंकाने से बची है। प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री अपनी फैजाबाद सीट से ही लड़ेंगे।

डा. संजय सिंह की पत्नी अमिता सिंह को सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ से रत्ना सिंह को भी टिकट मिल गए हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू की ऐतिहासिक फूलपुर सीट से क्रिकेटर मो. कैफ तो भोजपुरी सुपरस्टार रविकिशन को कांग्रेस ने उतारा है। यूआइडीए अध्यक्ष रहे नीलेकणि को दक्षिण बेंगलूर से प्रत्याशी बनाया गया है।