Chhattisgarh Weather Update: अगले दो दिन में छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हो सकती है बारिश, जानें मौसम विभाग का अनुमान

रायपुर। मार्च के महीने से गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है। आने वाले समय में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी और तेज गर्मी भी पड़नी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक 8 और 9 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि ‘प्रदेश में पूर्वी हवा आने के कारण सोमवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। साल 2022 में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जनवरी के महीने में 8 बार बदली और बारिश के हालात बने थे। फरवरी के महीने में 7 बार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिला था। प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बदली, बारिश के साथ ही प्रदेश के कुछ जगह पर ओलावृष्टि भी हुई थी।’

रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री, रायपुर के माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, बिलासपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री, पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 30 डिग्री न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री, अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री, जगदलपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री, दुर्ग का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री, राजनादगांव का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया।