CG में भाजपा का चलबो गोठान, खोलबो पोल अभियान शुरू: कहाँ हैं गौमाता? कहाँ हैं चारा-पानी? हो सकता हैं बिहार से बड़ा चारा घोटाला!

रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा का चलबो गोठान, खोलबो पोल अभियान शुरू हो गया हैं। पहले ही दिन भाजपा नेताओं ने राज्य भर में विभिन्न स्थानों में गोठानों का निरीक्षण क़िया। भाजपा नेताओं का कहना है कि कई गोठानों में एक भी गाय नहीं मिली। न चारे का इंतजाम दिखा, न गोठानों के रिकार्ड में उस बड़े पैमाने पर गोबर की बिक्री दर्ज हैं। जिस बड़े पैमाने पर सरकारी रिकार्ड में खरीदी और भुगतान हो रहा हैं। कहीं शेड बनाने के बाद काम बंद कर दिया गया हैं। तो कहीं कम गोबर खरीदी को बढ़ा चढ़ाकर बोनस भुगतान कर सरकार के खजाने को लूटा जा रहा हैं। यदि गोठान समितियों के रिकार्ड और सरकार के भुगतान के रिकार्ड का मिलान कर लिया जाए तो हजारों करोड़ का गोठान और गोबर घोटालेबाजी सामने आ जायेगी।

भाजपा के प्रदेश व्यापी अभियान के तहत नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर चांपा जिले के नैला गोठान का निरीक्षण किया। चंदेल ने कहा कि गोठानों में गोबर घोटाले के साथ साथ कई तरह के घोटाले चल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बिहार से बड़ा चारा घोटाला छत्तीसगढ़ सरकार में चल रहा है। गोबर ख़रीदी के नाम पर धांधली चल रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जनता का धन बांटकर भूपेश बघेल गोबर गाथा का प्रचार कर रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि पूरे छत्तीसगढ़ में गोबर घोटाला चल रहा हैं।

प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने भानपुरी मंडल के घोटिया, सुदापाल, पाथरी, मुरकुची के गोठन में जाकर अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि, सभी गोठानो की हालत गंभीर है कोई लाभ लोगों को नहीं मिल रहा हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी जिला रायगढ़ के पुसौर मंडल के गोतमा छिछोरे उमरिया गोठान गए। वहां अव्यवस्था के अलावा कुछ नही मिला। ओपी चौधरी ने कहा कि, राज्य की कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ धोखा करके झूठ बोलने का ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो कोई नही तोड़ पाएगा।

चलबो गोठान खोलबो पोल अभियान के तहत आज सुबह रायपुर सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, श्रीचंद सुंदरानी, नंदकुमार साहू, जितेंद्र धुरंदर मंडलआदि ने धनेली भटगांव, दतरेंगा व काँदुल गोठान का निरीक्षण कर गांव के लोगों से चर्चा की।

सांसद सुनील सोनी ने कहा घोटालों की सरकार के सरदार ने गौमाता को भी नहीं बख्शा। भूपेश सरकार द्वारा नरवा गरवा घुरवा बाड़ी के नाम पर जो घोटाला हुआ हैं। वह हर गांव की जनता देख रही हैं।

IMG 20230520 WA0041

राजेश मूणत ने कहा भूपेश सरकार ने घोटालों में गौ मां को भी नही छोड़ा गौ मां को पीड़ित कर भूपेश सरकार ने अपराध किया हैं।

धमतरी विधायक व भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने नगर निगम अंतर्गत ग्राम अर्जुनी गौठान की पोल खोलते हुए कहा कि भूपेश बघेल ढकोसला कर रहे हैं। गोठानों को अफसरों का चारागाह बना दिया गया है। न तो गोठान में गायें हैं और न ही चारा है न गोबर। सब फर्जीवाड़ा चल रहा हैं। गोबर खरीदी के फर्जी आंकड़े बताते हैं कि भूपेश बघेल की सरकार ने कोयला, रेत, शराब जैसे घोटालों से कहीं ज्यादा का गोबर घोटाला कर दिया है। विधायक श्रीमती रंजना साहू के साथ प्रदेश मंत्री रामू रोहरा, नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा, कविंद्र जैन कार्यक्रम के विधान सभा संयोजक महेंद्र पंडित ने गोठान निरीक्षण किया।

IMG 20230520 WA0040

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने राजिम के चौबेबान्धा बरौंडा में गोठान का निरीक्षण कर वहां की अव्यवस्था देखी। उन्होंने किसानों से बातचीत में सामने आई जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार गोधन और गोबर के नाम पर भारी भ्रष्टाचार तो कर ही रही है। खाद घोटाला भी चल रहा है। खाद के नाम पर गोबर में मिट्टी मिलाकर जबरिया बेचा जा रहा है। किसानों को इस घटिया खाद से नुकसान हो रहा है लेकिन उन्हें यह खरीदने मजबूर किया जा रहा है।

IMG 20230520 WA0042

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने डोंडिलोहारा गोठान का निरीक्षण किया वहां गौवंश नही मिला बड़े बड़े चट्टान रूपी पत्थर मिले।