बालको ने आयोजित की क्षमता निर्माण कार्यशाला

महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने परियोजना ‘उन्नति’ संचालित की है। इसके अंतर्गत 25 स्व सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण के लिए बालको ने क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की। बालको लर्निंग सेंटर में आयोजित कार्यशाला में लगभग 55 महिलाओं ने भागीदारी की।
बालको के सामुदायिक संबंध प्रमुख श्री बी.के. श्रीवास्तव ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने बालको की अनेक सामुदायिक विकास परियोजनाओं से महिलाओं को अवगत कराया। श्री श्रीवास्वत ने बताया कि बालको ने ‘उन्नति’ परियोजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण के लिए स्व सहायता समूहों के गठन और उनके प्रशिक्षण की योजना बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षमता विकास कार्यशाला से महिलाएं अपने समूहों का उत्कृष्ट संचालन करने में सक्षम होंगी। कार्यक्रम में सामुदायिक विकास सह महाप्रबंधक श्री आशीष रंजन सहित अनेक बालको अधिकारी मौजूद थे। स्वयंसेवी संगठन ‘स्त्रोत’ के प्रशिक्षक श्री राजेश कुमार श्रीवास ने महिलाओं को बैठक पंजी, सदस्यता एवं कार्यवाही विवरण, बचत, ऋण पुस्तिका एवं नगदी प्रबंधन संबंधी अनेक आयामों की जानकारी दी।
 b 2
बालको ने अब तक छह महिला स्व सहायता समूहों को हॉलर मिल, दो समूहों को दोना पत्तल निर्माण एवं एक समूह को मसाला प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ा है। महिला सशक्तिकरण परियोजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मदद मिली है।