टोकन कटने के बाद धान नहीं ख़रीदने का दूसरा मामला.. भाजपा पदाधिकारियों संग किसानों ने फ़िर धान जलाकर किया चक्काजाम!

सूरजपुर|आयुष जायसवाल

सूरजपुर। धान खरीदी के अंतिम दिन भी किसानों का आक्रोश देखने को मिला। दरअसल ग्राम रामनगर के धान खरीदी केंद्र में लगभग 35 किसानों का टोकन कटने के बाद भी धान नहीं लिया गया। जिसके बाद किसानों ने रामनगर से थोड़ी दूर दतिमा चौक में भाजपा पदाधिकारियों के साथ मिलकर चक्का जाम कर दिया और धान सड़क पर रखकर आग लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने भूपेश सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी भी की।

भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के महामंत्री भरत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री आकाश गुप्ता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण जायसवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं की अगुवाई में दतिमा चौक में चक्काजाम किया गया व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

पुलिस रही मुस्तैद

किसानों और भाजपा पदाधिकारियों के चक्काजाम के दौरान करंजी चौकी प्रभारी संजय गोस्वामी और करंजी पुलिस टीम मुस्तैद रही। प्रदर्शन के दौरान धान में लगे आग को बुझाते समय पुलिस और भाजपाईओ के विरूद्ध झड़प भी हुई।

नायब तहसीलदार व सीएसपी पहुचे मौके पर

picsart 02 20 051111200334421008691

मामले को बढ़ता देख बिश्रामपुर नायब तहसीलदार अमृता सिंह मौके पर पहुंची व कलेक्टर से बात कर उचित आश्वासन दिया। साथ ही नियमतः सभी किसानों का धान खरीदने की बात कही। भाजपाइयों द्वारा डटे रहने पर सीएसपी जेपी भारतेन्दु भी मौके पर पहुंचे और किसानों को उचित आश्वासन देकर पूरी धान खरीदी की बात कही।

अंतिम दिनों में एक्शन में दिखी बीजेपी

धान खरीदी के अंतिम दिनों में भाजपा प्रदेश सरकार पर पूरी तरह से हमलावर रही व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वही अगर कल तक धान नही ख़रीदी गई, तो फिर से चक्काजाम करने की बात कही। इस दौरान रामानन्द जायसवाल, दीपेंद्र सिंह चौहान, सुभाष राजवाड़े, अंशुल श्रीवास्तव, सर्वेश तिवारी, इजरायल खान, लीलू गुप्ता सहित दर्जनों की संख्या में भाजपाई सहित किसान मौजूद रहे।

अधूरे सड़क निर्माण से 03 घंटे तक परेशान रहे राहगीर

दतिमा चौक में नाली निर्माण के कारण अधूरे सड़क निर्माण से साथ ही चक्काजाम से आम लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा। लिहाजा करंजी पुलिस के मुस्तैदी से चक्काजाम का असर ज्यादा नहीं दिखा।