कायस्थ समाज राष्ट्रवादी समाज- मुख्यमंत्री श्री चौहान

सभी समाजों के विकास के निरंतर प्रयास

 

भोपाल : शनिवार, जनवरी 11, 2014, 21:47 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में राजनीति की नई परिभाषा गढ़ने की कोशिश की है। सभी समाज कैसे और अधिक आगे बढ़ें, यह प्रयास निरंतर जारी है। इसी मंशा से राज्य सरकार द्वारा मध्यम वर्ग आयोग का गठन किया गया है। श्री चौहान आज यहाँ मानस भवन में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा मध्यभारत एवं जिला इकाई द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कायस्थ समाज राष्ट्रवादी समाज है। बुद्धिजीवियों का समाज है। समाज में ऐसी अनेक विभूतियाँ हुई हैं जिन्होंने देश-दुनिया की धारा ही बदल दी। उन्होंने कहा कि समाज आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा। सभी को मिलजुल कर देश और समाज को आगे बढ़ाने के प्रयास करने चाहिये। उन्होंने कहा कि विकास के प्रयासों को राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। इस अवसर श्री चौहान ने कायस्थ समाज के सदस्यों के साथ उनके जुड़ाव और स्मृतियों का उल्लेख किया।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान इतिहास पुरूष हैं। वे गरीबों के मसीहा हैं। किसी आंख में आंसू नही आए इसके लिये पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष कायस्थ महासभा श्री सुनील श्रीवास्तव ने स्वागत उदबोधन दिया। सुश्री उपासना सारंग ने भगवान चित्रगुप्त की स्तुति का गायन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान का विधायक श्री विश्वास सारंग ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का संचालन श्री बृजेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा मंत्री श्री आलोक संजर भी उपस्थित थे।