जादू-टोने के शक में 11 साल की बच्ची और 7 साल के बच्चे की हत्या, मासूम का काटा प्राइवेट पार्ट

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सनसनी फैला देने वाले बच्चों के हत्याकांड में पुलिस ने सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। जाटू-टोने के शक में महिला ने 11 साल की बच्ची और 7 साल के बच्चे का गला दबाया। उन्हें चाकू से गोदा। हैवान बनी महिला ने बच्चे का प्राइवेट पार्ट तक काट डाला। महिला को बच्चों का उनकी मां से मिलना पसंद नहीं था।

SDOP सुमित अग्रवाल ने बताया कि घटना बक्सी हनुमान मंदिर के पीछे सपा पहाड़ की बुधवार सुबह साढ़े 11 बजे की है। जांच में सामने आया कि बच्चों की हत्या उनकी सौतेली मां ज्योति कोरी ने की है। ज्योति छत्तीसगढ़ के कांकेर के टोला गांव की रहने वाली है। आरोपी महिला ने 37 साल के अरविंद माहौर से 8 महीने पहले शादी की थी। अरविंद ने पहली पत्नी माधुरी को बिना तलाक दिए छोड़ दिया था।

अग्रवाल ने बताया कि जब भी बच्चों की असली मां माधुरी उनसे मिलने आती तो ज्योति विवाद करती थी। सौतेली मां ज्योति ने बच्चों का स्कूल भी बदल दिया था। कुछ महीने पहले ज्योति भी गर्भवती हुई थी। लेकिन, 2 महीने बाद उसका गर्भपात हो गया। यही बात हत्याकांड की मुख्य वजह बनी। आरोपी महिला को लगा कि माधुरी ने जादू टोना करवाया है। माधुरी से बदला लेने के लिए उसने मासूमों की नृशंस हत्या कर दी।