कहीं भीषण गर्मी और लू तो कहीं बारिश का पूर्वानुमान… जानिए अपने राज्य के मौसम का ताजा हाल

देश के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर पूर्व भारत के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम के अलावा दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु और केरल में इस सप्ताह बारिश हो सकती है। त्रिपुरा में भी अगले पांच दिनों के दौरान बारिश हो सकती है. वहीं उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में आगामी दिनों में पारा और चढ़ेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के मुताबिक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 12 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिस कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इस मौसमी सिस्टम से प्रभावित होने वाले राज्यों में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। इन राज्यों में अगले 5 दिन में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे यहां के लोगों को हीट वेव से थोड़ी राहत मिल सकती है।

इन राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिनों में बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 11, 12, 13 और 14 अप्रैल को भारी वर्षा की संभावना है। वहीं, 13 और 14 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10, 13 और 14 अप्रैल को बारिश हो सकती है। दक्षिण के राज्यों में केरल और तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराइकल, लक्षद्वीप क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में 12 से 14 अप्रैल तक लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर हीट वेव की स्थिति होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश (पूर्व और पश्चिम) और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी. झारखंड में भी लू चलने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात में भी फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।