छत्तीसगढ़: मानव तस्करी का मामला, गर्भवती महिला को पैसों में बेच दिया; पति-पत्नी समेत 3 लोगों के खिलाफ़ FIR दर्ज

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दुरस्थ चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती युवती को लाखों रुपये में बेच दिया गया, जिसके बाद लगातार उसके साथ बलात्कार होता रहा। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने पति-पत्नी समेत 3 लोगों पर अपराध दर्ज किया। इस गंभीर मामले में एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बता दें कि, बिहारपुर चांदनी क्षेत्र की 21 वर्षीय गर्भवती युवती को महुली निवासी श्यामा बाई ने ऐशो आराम दिलाने का सपना दिखाकर अपने पति सागर सिंह के सहयोग से मध्यप्रदेश में डेढ़ लाख में बेच दिया था। युवती दो महीने की प्रताड़ना के बाद आरोपियों के चंगुल से भागकर अपने घर पर पहुंची और पति को घटना की जानकारी दी।

दोनों ने जाकर चांदनी पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद चांदनी पुलिस ने पति-पत्नी समेत 3 लोगों पर धारा 370,376 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मध्यप्रदेश में रहने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।