मुख्यमंत्री को पर्यटन मंत्री ने भेंट किया राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार

रायपुर, 20 फरवरी 2014

डॉ. रमन सिंह ने पर्यटन विभाग और प्रदेशवासियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को आज दोपहर यहां विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री अजय चन्द्राकर ने केन्द्र सरकार से छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को नई दिल्ली में प्राप्त राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार सौंपा।मुख्यमंत्री ने श्री चन्द्राकर और पर्यटन मंडल के महानिदेशक श्री संतोष मिश्रा सहित पर्यटन विभाग और मंडल के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ प्रदेश वासियों के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश्वासियों को भी बधाई दी।
ज्ञातव्य है कि केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय ने छत्तीसगढ पर्यटन मंडल को देश-विदेश के सैलानियों के लिए भारतीय भाषाओं और विदेशी भाषाओं में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन साहित्य के प्रकाशन के लिए वर्ष 2012-13 के राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार से सम्मानित किया है। इस महीने की 18 तारीख को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री श्री शशि थरूर ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के महानिदेशक श्री संतोष मिश्रा को राज्य के लिए यह पुरस्कार सौंपा था।
उल्लेखनीय है कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को पहली बार केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने प्रदेश के सिरपुर, राजिम आदि ऐतिहासिक और धार्मिक तथा सांस्कृतिक महत्व के आस्था केन्द्रों और चित्रकोट जैसे पर्यटन स्थलों तथा छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प, लोक नृत्य और वन्य जीवन पर केन्द्रित कई सुरूचिपूर्ण सचित्र फोल्डर आदि का प्रकाशन विदेशी भाषाओं में किया है, जिनमें कोरियन, जापानी, चीनी, सिंहली, जर्मन और थाई भाषाएं उल्लेखनीय है। इसके अलावा भारतीय भाषाओं में हिंदी, मराठी, बंगला और गुजराती में भी छत्तीसगढ़ के दर्शनीय स्थलों के बारे में कलात्मक प्रचार साहित्य प्रकाशित किया गया है। केन्द्र सरकार ने नया रायपुर के नजदीक माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमान तल को भीें यात्रियों के लिए विश्व की आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर पुरस्कृत किया है।