सरगुजा की संस्कृति को अक्षुण्य बनाये रखने सरगुजा सेवा समिति व नागरिक समिति का आयोजन

सशिमं में बिखरी लोक नृत्य की मनोहारी छटा

अम्बिकापुर

सरगुजा सेवा समिति एवं नागरिक समिति द्वारा आयोजित शैला  नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को अम्बिकापुर नगर के सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण मे किया गया। प्रतियोगिता कलाकेंद्र मैदान में निर्धारित की गई थी, परंतु बारिश के व्यवधान के कारण उसे सशिमं में आयोजित किया गया। दोपहर 3 बजे से प्रारंभ हुई लोक नृत्य प्रतियोगिता में दोपहर तक 13 टीमों ने भाग ले लिया था। पारंपरिक वाद्य यंत्र व आकर्षक रंग बिरंगी वेशभूषा में संभाग भर के नृत्य दल प्रतियोगिता में पहुंचे हुये थे। सभी ने आकर्षक परिधान में शैला नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में स्थानीय कलाकारों ने मांदर की धुन पर अपने-अपने कला का जौहर दिखाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भगवान राम की प्रतिमा एवं स्व. पं. रविशंकर त्रिपाठी की तस्वीर पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना किया गया, तत्पश्चात  कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी,  आलोक दुबे, करता राम गुप्ता, रविंद्र स्वर्णकार, ललन प्रताप सिंह, राजेश कश्यप, विवेक दुबे, जेपी श्रीवास्तव, मधसुदून शुक्ला, आकाश गुप्ता, संदीप जायसवाल, प्रयाग साहू, शुभम अग्रवाल सहित समिति के सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रतियोगिता में कोरिया का शिवशक्ति करमा दल, न्यू स्ट्रार गल्र्स ग्रुप बंजारी, सरस्वती सैला एवं करमा दल चुनगढ़ी, सुखलाल करमा जमदई, बैगा आदिवासी करमा, सरडीह नवापारा कोरिया, सैला नृत्य पार्टी उदयपुर, सदाबहार करमा दल पंडरी, साजन करमा पार्टी कृष्णपुर, लोक नृत्य करमा दल महुआ पारा कोरिया, शिवम करमा पार्टी अमलभिटठी लखनपुर, मां कालेश्वरी करमा दल रामानुजनगर, नव युवक दल जिला कोरिया, आदिवासी करमा दल सोनहत की टीम ने शैला नृत्य प्रतियोगिता में शैला नृत्य, करमा नृत्य व सुआ नृत्य से लोगों का मन मोह लिया। सभी समिति के कलाकार आकर्षक परिधान में कलाकेंद्र मैदान में अपना-अपना जौहर दिखाये। समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता चल रही थी। शैला नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल को 11 हजार, द्वितीय स्थान के दल को सात हजार एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले शैला नृत्य दल को पांच हजार रूपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। इसके अतिरिक्त दो हजार रूपये का तीन सांत्वना एवं अन्य सभी नर्तक दलों को प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिया जायेगा।

जब नम हुई आंखे

प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव ने स्व. रविशंकर त्रिपाठी को याद करते हुये कहा कि वे हमेशा से सामुदायिक विकास के लिये प्रेरणा स्त्रोत हैं। राजनीतिक विचारदारों के साथ-साथ उन्होंने खेल और कला को भी संरक्षण दिया था। इस आयोजन में उनकी जीवंत उपस्थिति रहती है। स्व. त्रिपाठी की याद में की गई इन बातों को सुनकर कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी की आंखे डबडबा गई।