घर से भागने के लिए प्रेमी को बुलाया… फिर पति के साथ  मिलकर मार डाला.. पढ़ें पूरी खबर

छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। बीते 4 अप्रैल को जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बासनताला सुखबासुपारा बेलटोली कच्ची मार्ग पुलिया के पास सोनू यादव (36 वर्ष) निवासी बासनताला का शव मिला था। मर्ग जांच के बाद मृतक की हत्या करने से मौत होना पाया गया। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक सोनू यादव हमेशा अपने घर से बनडीपा मोहल्ला जाया करता था, उसी दौरान वर्ष 2021 में उसका विवाहित महिला सावित्री बाई चौहान से अवैध संबंध स्थापित हो गया।

पुलिस के मुताबिक उक्त अवैध संबंध के बारे में विवाहित महिला के पति ललित राम चौहान को जानकारी मिलने पर वह अपनी पत्नी को मृतक से बातचीत करने नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर उसका मृतक से लड़ाई-झगड़ा, विवाद होते आ रहा था। डेढ़ माह पूर्व भी ललित राम चौहान ने मृतक से लड़ाई-झगड़ा कर मारपीट किया था। पुलिस के मुताबिक बीते 24 मार्च को ब्यॉयफ्रेंड सोनू ने बनडीपा जाकर सावित्री बाई चौहान को कीपेड मोबाईल सिम के साथ बात करने के लिए दिया था। यह बात सावित्री बाई चौहान अपने पति को बताई थी।

पुलिस के मुताबिक बीते 3 अप्रैल को सोनू यादव अपनी प्रेमिका सावित्री बाई चौहान के साथ बातचीत किया था और उसे भगाकर अपने साथ ले जाना चाहता था। इस बात की जानकारी सावित्री बाई चौहान अपने पति ललित राम चौहान को दी और दोनों पति-पत्नि मिलकर सोनू यादव को जान से मारने की साजिश रची। इसी दिन रात में सोनू यादव द्वारा सावित्री बाई चौहान से बातचीत होने पर सावित्री सोनू के साथ भागने के लिए राजी हो गई। घर से भागने के लिए उसने सोनू को बुलाया। इसके बाद पति-पत्नि मिलकर सोनू यादव को जान से मारने के लिये सुनियोजित ढंग से घर से कुल्हाड़ी एवं प्लास्टिक रस्सी लेकर सुकबासपुपारा पुलिया के पास आकर अपनी पत्नी को इंतजार के लिये खड़ा कर स्वयं अपने पास टंगिया हथियार को रखकर छिपा हुआ था।

रात लगभग 09 बजे मृतक सोनू यादव अपनी मोटर सायकल से जैसे ही पुलिया के पास पहुंचा। उसी समय ललित राम चौहान अपने पास टंगिया से उसके सिर में वार किया, जिससे मृतक जमीन में गिर गया। फिर सावित्री बाई अपने पास रखे हुये प्लास्टिक रस्सी से उसके गला में फंसाकर कसने लगी और ललित राम चौहान उसके सिर में कई बार मार कर गहरा चोंट पहुंचा कर सोनू यादव की हत्या कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।