छत्तीसगढ़ : कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा नेता को बुरी तरह पीटा, रावण दहन कार्यक्रम देखने गए थे; हालत गंभीर

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने मरोदा टंकी के पास रहने वाले भाजपा नेता को बुरी तरह पीटा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान चाकूबाजी भी हुई, जिसमें भाजपा नेता लकी यादव के हाथ की नस कट गई है। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में दुर्ग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेवई पुलिस ने मारपीट की धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, रिसाली दशहरा मैदान में शुक्रवार को रावण दहन का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम को देखने मरोदा टंकी के पास रहने वाले भाजपा नेता लोकेश्वर यादव उर्फ लकी अपने साथी मनोज देवांगन के साथ बाइक से गए थे। वह जैसे ही रिसाली स्टेट बैंक के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेसी नेता उबारन टंडन अपने साथी अमन मूर्ति, समीर सेम अन्य के साथ खड़ा था। वह लोग लकी को देखकर हूटिंग करते हुए गाली गलौज करने लगे। इस पर लकी यादव ने उन्हें मना किया तो वह लोग और आक्रोशित हो गए और मारपीट पर उतर आए।

इसी दौरान अमन मूर्ति ने अपनी जेब से तेज धार हथियार निकालकर हमला कर दिया। इससे लोकेश्वर के हाथ में गहरा घाव हो गया और हाथ की नस भी कट गई। अधिक खून बह जान से वह वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत नेवई हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें दुर्ग जिला हॉस्पिटल भेजा दिया गया। बाद में उन्हें दुर्ग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में उबारन टंडन, अमन मूर्ति और समीर सेम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मारपीट के इस मामले में लकी यादव की ओर शिकायत दर्ज कराने वाले शुभम निर्मलकर ने प्रत्यक्षर्शी गवाह के रूप में बंटी चंदेल और हेमचंद ठाकुर का नाम दर्ज कराया था। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इधर, जैसे ही आरोपियों को इस बात का पता चला कि शुभम ने बंटी चंदेल और हेमचंद ठाकुर का नाम प्रत्यक्षर्शी गवाह के रूप में दर्ज कराया है तो उन्होंने शनिवार सुबह 7 बजे हेमचंद ठाकुर पर भी हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में किसी भी आरोपी को गिरफ्तार अब तक नहीं किया है।